
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि प्रदेशभर में जिला पंचायत के 11 अध्यक्ष पदों में से 10 पर भाजपा ने जीत दर्ज की है। 70% ब्लॉक प्रमुख और 85% प्रधान पदों पर भी पार्टी को सफलता मिली है। उन्होंने देहरादून में मिली हार पर कहा कि इस पर मंथन कर कारणों की समीक्षा होगी। धराली-हर्षिल आपदा को देखते हुए पार्टी ने जीत का कोई जश्न न मनाने का निर्णय लिया है।
देहरादून में कांग्रेस का कब्जा
देहरादून जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की सुखविंदर कौर ने भाजपा की मधु चौहान को हराया। उपाध्यक्ष पर कांग्रेस के अभिषेक सिंह ने भाजपा के बीर सिंह चौहान को मात दी। जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी के साथ जश्न मनाया।
पिथौरागढ़ में भाजपा और निर्दलीयों का दबदबा
कनालीछीना में भाजपा के महिमन कन्याल ब्लॉक प्रमुख बने। धारचूला में भाजपा की मंजुला बुदियाल को 27 वोट, कांग्रेस की पूजा ग्वाल को 13 वोट मिले। बेरीनाग में निर्दलीय संगीता ने भाजपा की नीरजा को हराया। मुनस्यारी में कांग्रेस की कविता महर ने 20 वोट पाकर जीत दर्ज की।
अल्मोड़ा-बागेश्वर में भाजपा का परचम
भैसियाछाना में भाजपा की नीमा आर्या ने जीत दर्ज की। गरुड़ में किशन सिंह, कपकोट में भाजपा प्रत्याशी विजयी रहे। बागेश्वर में शोभा आर्या जिला पंचायत अध्यक्ष बनीं और विशाखा खेतवाल उपाध्यक्ष चुनी गईं।
कालसी में भाजपा की पूरी टीम विजयी
भाजपा प्रत्याशी सावित्री चौहान सहित जेष्ठ व कनिष्ठ उपप्रमुख पदों पर भी भाजपा प्रत्याशी जीते।
यूएस नगर में भाजपा का दबदबा
काशीपुर, खटीमा, सितारगंज में भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध जीते। जसपुर में भाजपा की अनूप कौर और गदरपुर में ज्योति ग्रोवर विजयी रहीं। बाजपुर में कांग्रेस की सुखमन औलख ने जीत दर्ज की।
कांग्रेस ने कई जगह मारी बाजी
ऊखीमठ से पंकज शुक्ला, जखोली से विनीता चमोली, डोईवाला से कांग्रेस प्रत्याशी विजयी रहे। चकराता ब्लॉक में तीनों पदों पर कांग्रेस का कब्जा रहा।
कुछ स्थानों पर बवाल और तनाव
द्वाराहाट में बीडीसी सदस्यों के पतियों के कथित अपहरण से विवाद बढ़ा, मतदान के दौरान हाथापाई और पथराव हुआ। नैनीताल में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने 8 सदस्यों के अपहरण का आरोप लगाया। बेतालघाट में ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई।
चुनाव प्रक्रिया
जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख सहित ज्येष्ठ व कनिष्ठ उपप्रमुख पदों के लिए मतदान गुरुवार सुबह 10 बजे से शुरू हुआ और तीन बजे तक चला। साढ़े तीन बजे से मतगणना हुई और शाम तक नतीजे घोषित कर दिए गए।