उत्तराखंडदुर्घटना

चलती पिकअप में लगी आग

विकासनगर। विकासनगर मंडी में उपज की आपूर्ति कर सहारनपुर लौट रहे एक पिकअप वाहन में दर्रारीट के पास अचानक आग लग गई। आग लगते ही वाहन से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन से बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। घटना में वाहन का केबिन और इंजन बुरी तरह जल गए। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद के मिर्जापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मदनपुरा निवासी गुलफाम पिकअप वाहन से विकासनगर मंडी में उपज की आपूर्ति करने आया था। आपूर्ति के बाद वह वापस मिर्जापुर लौट रहा था। दर्रारीट से करीब 200 मीटर पहले उत्तराखंड सीमा में अचानक वाहन में आग लग गई।

चालक ने जैसे ही वाहन से धुआं और लपटें निकलती देखीं, वह तुरंत बाहर निकल आया। देखते ही देखते आग ने वाहन के केबिन और इंजन को अपनी चपेट में ले लिया।

बताया जा रहा है कि तिमली गांव में चालक के कुछ रिश्तेदार रहते हैं। चालक ने तुरंत फोन कर उन्हें सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया।

सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन तब तक आग बुझाई जा चुकी थी। कोतवाली प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि घटना में चालक पूरी तरह सुरक्षित है। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button