पानी के गुब्बारे को लेकर चकराता रोड पर बवाल, दो पक्षों में मारपीट और तोड़फोड़

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

देहरादून। होली के त्योहार के बीच राजधानी में पानी के गुब्बारे फेंकने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। शहर के व्यस्ततम चकराता रोड पर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद झगड़ा हो गया, जिसमें तोड़फोड़ की भी सूचना है। दोनों पक्षों ने कोतवाली नगर में तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार बीते दिन चकराता रोड पर दीपक पुत्र जगमेर सिंह अपने मित्र अक्षय के साथ मौजूद था। इसी दौरान पानी के गुब्बारे फेंकने की बात को लेकर उसका मन आनंद पुत्र शम्मी आनंद निवासी 145, लूनिया मोहल्ला से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने तूल पकड़ लिया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ सामान में तोड़फोड़ भी हुई। घटना के बाद दोनों पक्ष अलग-अलग कोतवाली नगर पहुंचे और पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंपा।

कोतवाली नगर पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

होली पर्व को देखते हुए पुलिस ने शहरवासियों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।

Share This Article
Leave a Comment