अपराधउत्तराखंड

देह व्यापार का भंडाफोड़: दो संचालक और एक ग्राहक गिरफ्तार, तीन महिलाएं मुक्त

देहरादून। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने चकराता रोड स्थित गांधी नगर क्षेत्र में एक मकान पर छापा मारकर देह व्यापार के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो संचालकों सहित एक ग्राहक को गिरफ्तार किया, जबकि तीन महिलाओं को पीड़ित के रूप में चिन्हित कर उन्हें मुक्त कराया गया।

प्रभारी निरीक्षक प्रदीप पंत के नेतृत्व में टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रघुनाथ मंदिर के पास स्थित एक मकान में अवैध देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर AHTU और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से छापा मारा। दबिश के दौरान मकान की पहली मंजिल पर तीन महिलाएं और दो पुरुष आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए।

मकान मालिक ने कबूला सच
पूछताछ में मकान मालिक रानी देवी ने स्वीकार किया कि वह अपने सहयोगी आशीष कुमार पांडे के साथ मिलकर देह व्यापार चला रही थी। वहीं, तीसरा आरोपी फुल्लो खान ग्राहक के रूप में वहां पहुंचा था।

पुलिस ने मौके से नकदी और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। मोबाइल फोन की जांच में व्हाट्सएप चैट के जरिए ग्राहकों से संपर्क और सौदेबाजी के साक्ष्य भी मिले हैं।

पूछताछ में तीनों महिलाओं ने बताया कि वे आर्थिक तंगी के चलते इस जाल में फंस गई थीं और उन्हें बेहतर नौकरी का झांसा देकर यहां लाया गया था। पुलिस के अनुसार, महिलाएं प्रथम दृष्टया पीड़ित हैं।

पुलिस ने रानी देवी और आशीष कुमार पांडे के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3, 4, 5, 6 और 7 के तहत मुकदमा दर्ज किया है, जबकि ग्राहक फुल्लो खान के खिलाफ धारा 5 और 7 में कार्रवाई की गई है। मामले की जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button