तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के कॉलेज ऑफ नर्सिंग की ओर से स्टुडेंट्स नर्सेस एसोसिएशन ऑफ इंडिया- एसएनएआई के सहयोग से फ्रॉम सर्वाइविंग टु थ्राइविंगः द पॉवर ऑफ रेजीलेंस पर अतिथि व्याख्यान
स्वामी रामा हिमालयन यूनिवर्सिटी, जॉली ग्रांट, देहरादून में कॉलेज ऑफ नर्सिंग के डिपार्टमेंट ऑफ मेंटल हेल्थ नर्सिंग की एचओडी प्रो. ग्रेस मैडोना सिंह ने कहा, जीवन की चुनौतियों का सामना धैर्य, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ करना चाहिए। कठिन परिस्थितियां व्यक्ति की यात्रा का अंत नहीं होती हैं, बल्कि उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना ही वास्तविक सफलता है। उन्होंने कहा, जीवन में केवल मुश्किलों से गुजरना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनसे उबरकर स्वयं को पहले से अधिक मजबूत बनाना भी जरूरी है। इसके लिए मानसिक दृढ़ता, भावनात्मक संतुलन, आत्म-जागरूकता और सकारात्मक दृष्टिकोण महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने असफलता से सीखने और स्वयं को बेहतर बनाने का अवसर मानने के लिए प्रेरित किया। प्रो. मैडोना तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद के कॉलेज ऑफ नर्सिंग की ओर से स्टुडेंट्स नर्सेस एसोसिएशन ऑफ इंडिया- एसएनएआई के सहयोग से फ्रॉम सर्वाइविंग टु थ्राइविंगः द पॉवर ऑफ रेजीलेंस पर अतिथि व्याख्यान पर बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। इसे पूर्व मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित करके गेस्ट लेक्चर का शंखनाद हुआ। गेस्ट लेक्चर में रेजिलिएंस का अर्थ, मानसिक स्वास्थ्य में इसकी भूमिका, तनाव प्रबंधन, असफलताओं से सीखने, भावनात्मक संतुलन, आत्म-जागरूकता, वैयक्तिगत एवम् व्यावसायिक जीवन में मानसिक दृढ़ता के उपयोग सरीखे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्य अतिथि प्रो. मैडोना ने नर्सिंग स्टुडेंट्स से कहा, नर्सिंग पेशे में अनेक बार तनावपूर्ण एवम् चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में मरीजों की देखभाल के साथ-साथ स्वयं के मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी आवश्यक है। उन्होंने रेजिलिएंस- मानसिक लचीलापन के महत्व को समझाते हुए कहा, अनुकूलन क्षमता, समस्या-समाधान का कौशल और लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता व्यक्ति को विपरीत परिस्थितियों में भी आगे बढ़ने की शक्ति प्रदान करती है। फैकल्टी ऑफ नर्सिंग की डीन प्रो. एसपी सुभाषिनी ने रेजिलिएंस को नर्सिंग पेशे का एक महत्वपूर्ण गुण बताते हुए कहा, स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े पेशेवरों के लिए मानसिक एवम् भावनात्मक रूप से संतुलित रहना बेहद जरूरी है। नर्सिंग कॉलेज की प्राचार्या प्रो. एम. जेसलीन ने स्टुडेंट्स को जीवन में आने वाली चुनौतियों और आंतरिक तनाव को पहचानने और उनका प्रभावी ढंग से सामना करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा, मानसिक रूप से सशक्त व्यक्ति विपरीत परिस्थितियों में भी अपना आत्मविश्वास बनाए रखता है और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ता है। इस अवसर पर कॉलेज ऑफ नर्सिंग की फैकल्टी – प्रो. सुमन वशिष्ठ,प्रो. शंकरदेव सिंह, सुश्री आरती चौधरी,सुश्री मीनाक्षी गंगवार,सुश्री आकांक्षा अधिकारी,सुश्री योगिता यादव के संग नर्सिंग स्टुडेंट्स भी उपस्थित रहे।



