उत्तराखंडसामाजिक

घोडाला और नेताला में पत्थर गिरने व कीचड़ से आवागमन जोखिमभरा

उत्तरकाशी (भटवाड़ी): उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री हाईवे पर भटवाड़ी और चड़ेथी के बीच घोडाला के पास आवागमन लगातार जोखिमभरा बना हुआ है। बारिश के चलते पहाड़ी से पत्थर गिरने की घटनाएं थम नहीं रही हैं, वहीं ऊबड़-खाबड़ मार्ग पर कीचड़ और दलदल के कारण वाहन फंसने की समस्या भी बनी हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, घोडाला में करीब 150 मीटर क्षेत्र में पिछली आपदा के दौरान हुए भूधंसाव के बाद से सड़क की हालत बेहद खराब है। बरसात के दौरान यहां कई दिनों तक मार्ग बंद रहा था, लेकिन बारिश थमने के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। अब भी इस हिस्से में लगातार पत्थर गिर रहे हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बना हुआ है।

ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग पर कीचड़ और फिसलन के कारण वाहन अक्सर फंस रहे हैं और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने यात्रा सीजन से पहले मार्ग सुधार के दावे किए थे, लेकिन जमीनी स्थिति इसके विपरीत है।

इसी तरह नेताला भूस्खलन जोन में भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं। यहां सड़क पर पानी बहने और कीचड़ के कारण वाहन फिसल रहे हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। वहीं लालढांग क्षेत्र के पास भी बारिश के दौरान पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आई हैं।

अप्रैल में शुरू होने वाले यात्रा सीजन को देखते हुए स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द मार्ग की मरम्मत और सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधरी, तो इस बार धाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button