लंबगांव (टिहरी)। प्रतापनगर क्षेत्र की पट्टी रौणद रमोली स्थित दुर्गम द्विजुला घाटी के रोहित पब्लिक स्कूल बेथाण में सोमवार को बैग वितरण व शिक्षा प्रोत्साहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रतापनगर के पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रदीप रमोला ने विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं को अपनी ओर से नि:शुल्क स्कूल बैग वितरित किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रदीप रमोला ने कहा कि ग्रामीण व दुर्गम क्षेत्रों के बच्चों में पढ़ाई के प्रति उत्साह जगाने और उनके सपनों को पंख देने के लिए यह पहल की गई है। नौनिहाल बच्चे ही गांव, क्षेत्र और देश का भविष्य हैं। उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को आगे आकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
उन्होंने जोर देते हुए कहा, “जब बच्चे पढ़ेंगे, तभी समाज और क्षेत्र आगे बढ़ेगा। शिक्षा केवल रोजगार पाने का साधन नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव की मजबूत नींव है।” उन्होंने आश्वासन दिया कि दुर्गम क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल और प्रोत्साहन देने के लिए भविष्य में भी इस तरह के प्रयास जारी रहेंगे।
विद्यालय की प्रधानाचार्य रीना देवी ने प्रदीप रमोला का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में लगातार किए जा रहे सहयोग से विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हो रही है और उनका मनोबल बढ़ रहा है।
इस अवसर पर शिक्षा समिति के अध्यक्ष खुशाल सिंह रावत, ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह, पूर्व प्रधान पवन सिंह राणा, विजयपाल सिंह, उमेश रमोला, गंभीर सिंह, शीशपाल सिंह, कुंवर सिंह, उत्तम सिंह और मनीष चौहान सहित कई ग्रामीण व अभिभावक मौजूद रहे।



