अपराधउत्तराखंड

बैंक बनकर कॉल, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य के खाते से 5.82 लाख पार

कोतवाली क्षेत्र में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। बैंक कर्मी बनकर फोन करने वाले ठग ने पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य को झांसे में लेकर उनके खाते से 5.82 लाख रुपये उड़ा दिए। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली प्रभारी विनोद सिंह गुसाईं ने बताया कि दिनकर विहार निवासी शमशेर सिंह ने ई-एफआईआर दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, दो फरवरी को उनके पास एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए कहा कि उनका योनो एप बंद है और उसे चालू कराना होगा।

झांसे में आकर शमशेर सिंह ने कॉलर को अपने बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी दे दी। बाद में उन्हें शक हुआ तो वे तुरंत बैंक पहुंचे और अपना खाता होल्ड करवा दिया। 17 मार्च को दोबारा बैंक जाकर कर्मचारियों से जानकारी लेने के बाद उन्होंने खाता फिर से चालू करवा लिया।

इसके अगले ही दिन, 18 मार्च को ठग ने उनके खाते से दो बार में कुल 5.82 लाख रुपये निकाल लिए। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की, जिस पर मामला दर्ज कर लिया गया है।

सावधानी ही बचाव
कोतवाली प्रभारी ने लोगों से अपील की है कि बैंक कभी भी फोन पर ग्राहकों से खाते या एटीएम से जुड़ी जानकारी नहीं मांगता। किसी भी अनजान कॉल, मैसेज या व्हाट्सएप लिंक पर भरोसा न करें और न ही अपनी निजी जानकारी साझा करें। यदि किसी के साथ ऑनलाइन ठगी होती है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button