उत्तरकाशी। विश्वनाथ पूर्व सैनिक कल्याण समिति, उत्तरकाशी का 20वां स्थापना दिवस शुक्रवार को सेवा, श्रद्धा और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर पूर्व सैनिकों ने समाजसेवा, पर्यावरण संरक्षण और शहीदों के सम्मान के माध्यम से राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला चिकित्सालय से हुई, जहां समिति के पूर्व सैनिकों ने भर्ती मरीजों को फल और जूस वितरित कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। इसके बाद सभी सदस्यों ने नगर के आराध्य देव कंडार महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति के लिए प्रार्थना की।
इसके उपरांत भगवान काशी विश्वनाथ मंदिर में जलाभिषेक, हवन और विशेष पूजा-अर्चना संपन्न की गई। साथ ही शक्ति माता और हनुमान मंदिर में भी राष्ट्र की उन्नति और जनकल्याण की कामना की गई।
स्थापना दिवस के अवसर पर समिति के सदस्य ज्ञानसू स्थित शहीद स्थल पहुंचे, जहां अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के बाद पार्क परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
समिति के संरक्षक एवं अध्यक्ष सूबेदार मेजर बिरेंद्र नेगी ने सभी पूर्व सैनिकों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समिति सेवा, अनुशासन और राष्ट्रहित की भावना के साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करती रहेगी। उन्होंने सभी सदस्यों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि की कामना भी की।
कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में जलपान के साथ हुआ। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष सूबेदार मेजर बिरेंद्र नेगी, मीडिया प्रभारी सेवानिवृत्त सूबेदार गोपेश्वर प्रसाद भट्ट सहित समिति के सभी पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।



