उत्तरकाशी। यमुनोत्री हाईवे पर निर्माणाधीन सिल्क्यारा टनल में हुए हादसे को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। इसके लिए उपजिलाधिकारी (एसडीएम) बड़कोट को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्हें घटना से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों की विस्तृत जांच कर 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि जांच के दौरान हादसे के वास्तविक कारणों, निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन तथा भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक उपायों का गहन परीक्षण किया जाए।
साथ ही, संबंधित विभागों और अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे जांच अधिकारी को घटना से संबंधित सभी अभिलेख, आवश्यक जानकारी और पूर्ण सहयोग उपलब्ध कराएं, ताकि जांच निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पक्ष एवं प्रभावी ढंग से पूरी की जा सके।



