Ad image

केदारनाथ यात्रा पर अस्थायी रोक, भैरवनाथ मंदिर के पास भारी बोल्डर गिरने से पैदल मार्ग बंद

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते केदारनाथ पैदल मार्ग पर भैरवनाथ मंदिर के समीप जंगलचट्टी क्षेत्र में भारी बोल्डर गिरने से शुक्रवार सुबह यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी गई। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए गौरीकुंड गेट से श्रद्धालुओं को आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई और उन्हें वापस लौटा दिया गया।

प्रशासन के अनुसार, बृहस्पतिवार रात भारी बोल्डर गिरने के कारण पैदल मार्ग बाधित हो गया, जिसके बाद एहतियातन यात्रियों की आवाजाही बंद कर दी गई। आयुक्त के निर्देश पर मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित किए जाने तक केदारनाथ पैदल यात्रा स्थगित रखने का निर्णय लिया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, डीडीआरएफ और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। टीमें मार्ग से बोल्डर हटाने और स्थिति को सामान्य बनाने के लिए युद्धस्तर पर राहत एवं बहाली कार्य में जुटी हैं। साथ ही क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए फिलहाल पैदल मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मार्ग को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करें तथा अगली सूचना मिलने तक केदारनाथ यात्रा के लिए आगे न बढ़ें।

Share This Article
Leave a Comment