उत्तरकाशी। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मंगलवार को समाज कल्याण विभाग की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ त्वरित और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। साथ ही लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने को कहा।
दिव्यांगजनों के कल्याण से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जिला चिकित्सालय प्रबंधन से समन्वय स्थापित कर दिव्यांगता प्रमाणपत्र जारी होने के साथ ही सभी आवेदकों के यूडीआईडी कार्ड तैयार कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यूडीआईडी कार्ड के अभाव में किसी भी दिव्यांगजन को पेंशन अथवा अन्य सरकारी सुविधाओं से वंचित न किया जाए।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की प्रभावशीलता बढ़ाने के लिए जिलाधिकारी ने केंद्र सरकार से पोषित सभी पेंशन खातों को सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेंशन की राशि सीधे और पारदर्शी तरीके से लाभार्थियों के खातों में पहुंचाने के लिए सभी पेंशनरों के बैंक खातों को आधार से लिंक किया जाए या आधार बेस्ड पेमेंट सिस्टम सक्रिय किया जाए।
डीएम ने पेंशन खातों की आधार सीडिंग प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा। इसके लिए लीड बैंक अधिकारी से समन्वय स्थापित कर व्यवस्था को समयबद्ध तरीके से लागू करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप पंवार, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अतुल आनंद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



