Ad image

किसानों को मुफ्त बिजली-पानी और युवाओं को 70% रोजगार की मांग

Ramesh Kuriyal
4 Min Read

रुड़की। किसान मजदूर संगठन सोसायटी (रजि.) की ओर से पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दरियापुर दयालपुर में रविवार को बैठक आयोजित की गई। इसमें किसानों, मजदूरों और स्थानीय युवाओं की समस्याओं पर चर्चा की गई। बैठक में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों और संगठन के पदाधिकारियों ने क्षेत्रीय विधायक फुरकान अहमद को विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।

संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट महक सिंह सैनी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि संगठन पहले भी पांच जून 2026 को मुख्यमंत्री को किसानों और मजदूरों की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन दे चुका है। संगठन ने विधायक से आगामी विधानसभा सत्र में इन मांगों को सदन में प्रमुखता से उठाने की अपील की।

किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली-पानी की मांग

ज्ञापन में उत्तराखंड के किसानों को नहरों, सरकारी और निजी नलकूपों से सिंचाई के लिए 100 प्रतिशत मुफ्त बिजली और पानी देने की मांग की गई। संगठन ने कहा कि अन्य राज्यों की तर्ज पर किसानों को महंगे सिंचाई बिल और वाटर सेस से राहत दी जानी चाहिए।

इसके साथ ही सिडकुल समेत राज्य के सभी सरकारी, अर्धसरकारी और निजी उद्योगों में उत्तराखंड के स्थानीय युवाओं के लिए न्यूनतम 70 प्रतिशत रोजगार सुनिश्चित करने की मांग की गई।

विधानसभा में मांगें उठाने का आश्वासन

विधायक फुरकान अहमद ने संगठन की मांगों को किसान, युवा और जनहित से जुड़ा बताते हुए समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि किसान और युवा राज्य की नींव हैं। आगामी विधानसभा सत्र में इन मांगों को सदन के समक्ष मजबूती से उठाने और क्षेत्रवासियों के हित में हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।

कई मुद्दों के समाधान का दावा

संगठन ने बताया कि पूर्व में किसानों और मजदूरों से जुड़े कई मुद्दों को लेकर भी पहल की गई है। इनमें घर-घर गन्ना पर्ची पहुंचाना, चीनी मिलों का डाटा ऑनलाइन कराना, खराब पड़े सरकारी नलकूपों को चालू कराना और बाहरी राज्यों से उत्तराखंड की चीनी मिलों द्वारा गन्ने की खरीद पर रोक लगाने जैसे मुद्दे शामिल हैं।

संगठन के अनुसार, मौजूदा मांगों को सरकार के स्तर पर पूरा किया जाना है। इसलिए सत्ता पक्ष और विपक्ष के जनप्रतिनिधियों को क्रमवार ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं।

बैठक में बड़ी संख्या में किसानों और मजदूरों की मौजूदगी रही। संगठन ने दावा किया कि अभियान से प्रभावित होकर क्षेत्र के कई किसान और मजदूर लगातार संगठन की सदस्यता ग्रहण कर रहे हैं।

इस दौरान राष्ट्रीय महासचिव चौधरी राजेंद्र कुमार, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सेठपाल सिंह, राष्ट्रीय सचिव ब्रह्म सिंह धीमान, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष वेदपाल सैनी, कलियर विधानसभा अध्यक्ष मोहम्मद इसरार, खानपुर विधानसभा अध्यक्ष मुनेश पाल, महानगर रुड़की अध्यक्ष सतीश चंद्र फौजी, नगर महामंत्री नाथी राम सैनी, केंद्रीय कार्यालय प्रभारी सत्येंद्र सैनी, राष्ट्रीय रक्तदान प्रभारी योगेंद्र सैनी, वरिष्ठ कार्यकर्ता सुरेश धीमान, लक्ष्मीचंद, रविंद्र कुमार, राष्ट्रीय प्रभारी नवीन मारिया, राष्ट्रीय प्रवक्ता अरुण कुमार सैनी, नगर संरक्षक गोपाल सैनी और गजेंद्र सिंह सैनी समेत सैकड़ों ग्रामीण व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment