उत्तरकाशी। उत्तरकाशी में क्रिकेट को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की जा रही उत्तरकाशी T20 प्रीमियर लीग को लेकर खेल प्रेमियों के बीच कई सवाल उठने लगे हैं। खास तौर पर प्रतियोगिताओं के आयोजन, मैदान की स्थिति और उत्तरकाशी डिस्ट्रिक्ट टीम में चयनित खिलाड़ियों को लेकर चर्चा तेज है।
खेल प्रेमियों का कहना है कि यदि उत्तरकाशी में क्रिकेट को बढ़ावा देना है तो यहां नियमित रूप से बड़े स्तर के क्रिकेट मैच आयोजित होने चाहिए। मौसम और मैदान की स्थिति को लेकर मैचों के आयोजन पर सवाल उठाए जा रहे हैं। उनका कहना है कि उत्तरकाशी में पूर्व में नवंबर और दिसंबर के दौरान भी क्रिकेट प्रतियोगिताएं होती रही हैं। ऐसे में केवल मौसम को आधार बनाकर उत्तरकाशी में मैच न कराए जाने की वजह स्पष्ट की जानी चाहिए।
वहीं, मैदान में टर्फ की कमी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। खेल प्रेमियों का कहना है कि यदि उत्तरकाशी में बेहतर क्रिकेट मैदान नहीं है तो इसके लिए जिम्मेदार संस्थाओं को मैदान और खेल सुविधाओं को विकसित करने की दिशा में काम करना चाहिए। क्या अच्छे मैदान पर खेलने का अधिकार केवल देहरादून और हरिद्वार के खिलाड़ियों का है? उत्तरकाशी के खिलाड़ियों को भी समान सुविधाएं क्यों नहीं मिलनी चाहिए?
डिस्ट्रिक्ट टीम के चयन पर भी सवाल
उत्तरकाशी डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट टीम में चयनित खिलाड़ियों को लेकर भी खेल प्रेमी सवाल पूछ रहे हैं। उनका कहना है कि चयनित खिलाड़ियों का उत्तरकाशी से वास्तविक जुड़ाव किस स्तर पर है, यह स्पष्ट किया जाना चाहिए।
खेल प्रेमियों की मांग है कि चयनित खिलाड़ियों के संबंध में यह जानकारी सार्वजनिक की जाए कि क्या उनके स्थानीय दस्तावेज और स्थायी निवास संबंधी रिकॉर्ड उत्तरकाशी जिले से जुड़े हैं? वे उत्तरकाशी की किस पट्टी या क्षेत्र से संबंधित हैं?
खेल प्रेमियों का कहना है कि उनका सवाल किसी खिलाड़ी की प्रतिभा पर नहीं, बल्कि चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता और स्थानीय खिलाड़ियों को मिले अवसर को लेकर है। यदि चयन पूरी तरह निर्धारित नियमों के अनुसार हुआ है तो संबंधित संस्था को इन सवालों का स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
अब खेल प्रेमियों की नजर इस बात पर है कि उत्तरकाशी T20 प्रीमियर लीग और डिस्ट्रिक्ट टीम के चयन को लेकर उठ रहे इन सवालों पर क्रिकेट से जुड़े जिम्मेदार पदाधिकारी क्या जवाब देते हैं।



