Ad image

अर्द्धकुंभ में निकलेगी देवडोली शोभायात्रा, 9 से 15 मार्च तक होंगे आयोजन

Ramesh Kuriyal
3 Min Read

हरिद्वार। अर्द्धकुंभ-2027 में प्रस्तावित श्री देवभूमि लोक संस्कृति विरासतीय देवडोली शोभायात्रा की तैयारियों को लेकर शनिवार को गढ़वाल महासभा भवन में समिति और गढ़वाल महासभा की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में सात दिवसीय आयोजन को भव्य स्वरूप देने, यात्रा मार्ग, देवडोलियों को आमंत्रित करने और शिविर के लिए भूमि आवंटन समेत विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

बैठक में तय किया गया कि देवडोली शोभायात्रा का मुख्य आयोजन 9 से 15 मार्च 2027 तक किया जाएगा। कार्यक्रम का दिनवार खाका तैयार करने के साथ ही शोभायात्रा के पूरे रूट का नक्शा भी तैयार किया जाएगा। बैरागी कैंप स्थित मुख्य शिविर से कुशावर्त घाट तक शाही स्नान के लिए प्रस्तावित मार्ग को अंतिम रूप देकर मेला प्रशासन को सौंपा जाएगा।

उत्तराखंड की प्रमुख देवडोलियों को भेजे जाएंगे निमंत्रण

बैठक में उत्तराखंड से अर्द्धकुंभ में शामिल होने वाली प्रमुख देवडोलियों की सूची तैयार करने पर भी चर्चा हुई। समिति की ओर से सभी देवडोलियों को विधिवत निमंत्रण पत्र भेजे जाएंगे।

15-16 बीघा भूमि पर बनेगा विरासतीय शिविर

समिति की ओर से मेला अधिकारी को भूमि आवंटन के लिए पत्र दिए जाने की जानकारी बैठक में दी गई। प्रस्तावित योजना के अनुसार बैरागी कैंप मुख्य द्वार के समीप विद्युत उपकेंद्र के पीछे गंगा किनारे करीब 15-16 बीघा भूमि पर शिविर विकसित करने की योजना है। यहां टेंट, भंडारा और श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था के साथ उत्तराखंड की खान-पान, रहन-सहन और वेशभूषा पर आधारित विरासतीय प्रदर्शनी लगाने की योजना है।

शोभायात्रा के दौरान भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश के संस्कृति मंत्री और संस्कृति सचिव को आमंत्रित किए जाने की जानकारी दी गई। आयोजन के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का अनुरोध मेला प्रशासन से किया जाएगा।

सोशल मीडिया पर चलेगा रील अभियान

देवडोली यात्राओं के प्रचार-प्रसार के लिए पिछले वर्षों की फोटो और वीडियो के आधार पर सोशल मीडिया रील अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। श्रद्धालु अपने स्तर पर रील तैयार कर उसमें समिति का नाम अंकित करेंगे और अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए एक-दूसरे को मेंशन करेंगे।

बैठक में समिति अध्यक्ष बंशीधर पोखरियाल, कार्यकारी अध्यक्ष हर्षमणि व्यास, उपाध्यक्ष गजेंद्र कंडियाल, सचिव द्वारिका प्रसाद भट्ट, आचार्य रमेश पैन्यूली, कोषाध्यक्ष भगवान सिंह रांगड़, जनसंपर्क अधिकारी महिपाल बिष्ट, कार्यालय प्रभारी डॉ. संपूर्णानंद रतूड़ी सहित गढ़वाल महासभा के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। सभी ने अर्द्धकुंभ-2027 में देवडोली शोभायात्रा को भव्य और दिव्य बनाने के लिए सहयोग का संकल्प लिया।

Share This Article
Leave a Comment