देहरादून, पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर कर्मचारियों ने अपने आंदोलन को और तेज कर दिया है। कर्मचारियों और आम जनता को इस मांग के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिले में एक व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया, जिसके तहत विभिन्न सरकारी विभागों के प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे गए।
अभियान के दौरान प्रतिनिधियों ने प्रेमनगर अस्पताल, उत्तराखंड राज्य महिला आयोग, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास निदेशालय, रेशम विभाग निदेशालय, जिला कार्यक्रम अधिकारी देहरादून, खंड शिक्षा अधिकारी और उप शिक्षा अधिकारी सहसपुर सहित कई प्रमुख दफ्तरों में जाकर अधिकारियों को ज्ञापन दिए।
कर्मियों ने मांग की कि कर्मचारियों के सुरक्षित भविष्य और सेवानिवृत्ति के बाद सम्मानजनक जीवन को ध्यान में रखते हुए सरकार पुरानी पेंशन योजना (OPS) को जल्द से जल्द बहाल करे। इस अवसर पर कर्मचारियों को पुरानी पेंशन के लाभों की जानकारी दी गई और अधिक से अधिक लोगों से इस अभियान का हिस्सा बनने की अपील की गई।
पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आंदोलन (उत्तराखंड) के संगठन ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन पूरी तरह से लोकतांत्रिक और संवैधानिक दायरे में रहकर आगे बढ़ाया जाएगा। संगठन का कहना है कि हक की लड़ाई में जागरूकता कार्यक्रम आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
“पुरानी पेंशन बहाल करो, कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित करो” के नारों के साथ आयोजित इस अभियान में प्रांतीय प्रचार मंत्री हर्षवर्धन जमलोकी, महबूब आलम, रजनीश अग्रवाल, सहसपुर अध्यक्ष अमित नेगी, एनडी जोशी और सिद्धेश बधाणी सहित कई प्रमुख पदाधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।



