Ad image

पर्वतारोहियों की बड़ी उपलब्धि: नुन-कुन की तीन चोटियां फतह, सीएम धामी ने किया अभियानों का फ्लैग-इन

Sarthak Prayash Admin
3 Min Read

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM), उत्तरकाशी के चार सफल पर्वतारोहण अभियानों का फ्लैग-इन किया। इनमें जवाहर इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड विंटर स्पोर्ट्स (JIM&WS), पहलगाम के साथ संयुक्त रूप से संचालित माउंट एकांकागुआ अभियान भी शामिल रहा।

मुख्यमंत्री ने सभी पर्वतारोहियों को सफल अभियानों के लिए बधाई दी। उन्होंने चुनौतीपूर्ण उच्च पर्वतीय परिस्थितियों में उनके साहस, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और टीम भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि पर्वतारोहियों की उपलब्धियां उत्तराखंड के साथ-साथ देश के युवाओं को साहसिक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित करेंगी।

युवाओं में साहस और नेतृत्व की भावना विकसित कर रहा NIM

मुख्यमंत्री ने कहा कि नेहरू पर्वतारोहण संस्थान ने पर्वतारोहण, साहसिक खेलों, युवा विकास और उच्च हिमालयी प्रशिक्षण के क्षेत्र में देश और प्रदेश में महत्वपूर्ण पहचान बनाई है। संस्थान युवाओं को पर्वतारोहण और साहसिक गतिविधियों का उच्चस्तरीय प्रशिक्षण देने के साथ उनमें साहस, नेतृत्व, अनुशासन और कठिन परिस्थितियों से निपटने की क्षमता विकसित कर रहा है।

6961 मीटर ऊंचे एकांकागुआ पर सफल आरोहण

NIM और JIM&WS के संयुक्त अभियान दल ने अर्जेंटीना स्थित 6,961 मीटर ऊंची माउंट एकांकागुआ चोटी पर सफल आरोहण किया। छह सदस्यीय दल का नेतृत्व कर्नल हेम चंद्र सिंह ने किया। दल ने 22 फरवरी 2026 को चोटी पर सफलतापूर्वक आरोहण किया।

इस संयुक्त अभियान को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली स्थित साउथ ब्लॉक से फ्लैग ऑफ किया था।

नुन-कुन अभियान में तीन चोटियों पर पहुंचा दल

नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के नुन-कुन अभियान-2026 का नेतृत्व संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित ने किया। अभियान दल ने 15 अगस्त 2026 को 7,077 मीटर ऊंची माउंट कुन चोटी पर सफल आरोहण किया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हासिल की गई इस उपलब्धि ने अभियान को खास बना दिया।

इसके बाद अभियान दल ने 26 अगस्त को 5,908 मीटर ऊंची माउंट डेल्टा-41 और 31 अगस्त को 7,135 मीटर ऊंची माउंट नुन चोटी पर भी सफल आरोहण किया।

इस तरह दल ने एक ही अभियान के दौरान नुन-कुन पर्वत श्रृंखला की तीन चोटियों पर सफल आरोहण कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।

साहसिक पर्यटन में उत्तराखंड की पहचान और मजबूत होगी

मुख्यमंत्री ने अभियान के सभी सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां पर्वतारोहण और साहसिक पर्यटन के लिए अपार संभावनाएं प्रदान करती हैं। पर्वतारोहियों की ऐसी उपलब्धियां युवाओं को साहसिक खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करने के साथ ही उत्तराखंड की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत करती हैं।

इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव खेल एवं युवा कल्याण अमित कुमार सिन्हा, NIM के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित, JIM&WS पहलगाम के प्रधानाचार्य कर्नल हेम चंद्र सिंह, कैप्टन जी. संतोष कुमार सहित NIM के अधिकारी और विभिन्न पर्वतारोहण अभियानों के सदस्य मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment