Ad image

पितृ पक्ष के नवें दिन गायत्री शक्तिपीठ में विधि-विधान से हुआ पितृ तर्पण

Sarthak Prayash Admin
2 Min Read

नई टिहरी। पितृ पक्ष के नवें दिन अखिल विश्व गायत्री परिवार शक्तिपीठ नई टिहरी में शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में पितृ तर्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान राजकीय इंटर कॉलेज ठांगधार के अध्यापक जयप्रकाश गौड़ एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती अंजलि बहुखंडी गौड़ ने अपनी माता स्वर्गीय हिंदू बहुखंडी के निमित्त विधि-विधान से पितृ श्राद्ध एवं तर्पण किया।

गायत्री परिवार के विद्वान सदस्यों के मार्गदर्शन में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में पितृ तर्पण की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। कार्यक्रम का संचालन बीपी बधानी एवं ओमप्रकाश ने किया। इस अवसर पर गायत्री परिवार के सदस्यों ने दिवंगत आत्मा की शांति और मोक्ष की कामना करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की।

गायत्री परिवार के सदस्यों ने कहा कि पितृ पक्ष अपने पूर्वजों के प्रति श्रद्धा, कृतज्ञता और स्मरण का अवसर है। परिवार एवं समाज में संस्कारों को मजबूत करने के उद्देश्य से शक्तिपीठ में विभिन्न 16 संस्कार निशुल्क कराए जाते हैं। इनमें जन्मदिन, मुंडन संस्कार, विवाह संस्कार, गर्भ संस्कार सहित अन्य संस्कार शामिल हैं।

कार्यक्रम में लोगों से गायत्री परिवार के इस अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा गया कि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य एवं वंदनीय माता भगवती देवी शर्मा के युग निर्माण एवं विश्व निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाना ही परिवार का उद्देश्य है।

गायत्री परिवार की ओर से समाज को “हम बदलेंगे, युग बदलेगा, हम सुधरेंगे, युग सुधरेगा” का संदेश देते हुए नशामुक्ति और संस्कार निर्माण पर जोर दिया गया। सदस्यों ने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखकर संस्कारों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। साथ ही लोगों से परमपिता परमात्मा से अपना नाता जोड़ने और स्वयं को पहचानने का आह्वान किया गया।

Share This Article
Leave a Comment