देहरादून। प्रतिमायन चौक कालोनी कल्याण समिति, वार्ड संख्या-95 नत्थनपुर (2) के प्रतिनिधिमंडल ने समिति अध्यक्ष नरेश चन्द्र कुलाश्री के नेतृत्व में डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने विधायक के समक्ष कालोनी की मुख्य सड़क निर्माण के दौरान छूटे कार्य, प्रवेश द्वार स्थित विश्राम स्थल के पास कच्ची नाली में गंदगी, जलभराव और दुर्गंध की समस्या, नत्थनपुर मुख्य मार्ग पर क्षतिग्रस्त चैंबर तथा सड़क धंसने से लोगों को हो रही परेशानियों को प्रमुखता से उठाया। इस संबंध में पांच सूत्रीय मांगपत्र भी सौंपा गया।
समिति सदस्यों ने मांग की कि प्रतिमायन चौक कालोनी और प्रवेश द्वार पर अधूरी सीसी सड़क का निर्माण शीघ्र पूरा किया जाए। साथ ही प्रतिमायन चौक से पंचायती शिव मंदिर मोहकमपुर तक मुख्य सड़क पर धंसे एवं क्षतिग्रस्त सीवर और पेयजल लाइन के चैंबरों की मरम्मत कर सड़क को जलभराव मुक्त डिजाइन के तहत तैयार किया जाए।
इसके अलावा उन्नति विहार चौक से पंचायती शिव मंदिर तक दोनों ओर की क्षतिग्रस्त नालियों की सफाई कर पक्की नालियों का निर्माण कराने की मांग भी उठाई गई।
इस दौरान विधायक बृजभूषण गैरोला ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि वैष्णो देवी-शनि मंदिर तिराहे से पंचायती शिव मंदिर मोहकमपुर तक बन रही डामरीकृत सड़क पर अभी पहली परत डाली गई है। यदि कहीं सड़क धंसी हुई है या चैंबर क्षतिग्रस्त हैं तो दूसरी परत डालने से पहले उन्हें ठीक कराया जाएगा। इसके बाद जलभराव मुक्त सड़क निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा।
विधायक ने कालोनी की अन्य समस्याओं के भी शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। आश्वासन मिलने के बाद प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने संतोष व्यक्त करते हुए विधायक का आभार जताया।
प्रतिनिधिमंडल में नरेश चन्द्र कुलाश्री, राधाकृष्ण पंत, रामलाल पैन्यूली, विजेन्द्र पाल सिंह भंडारी, हरीश चन्द्र हटवाल और मधु प्रसाद सती शामिल रहे।



