Ad image

नशामुक्त विवाह बना मिसाल, नवदंपति को किया सम्मानित

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

चम्बा नगर पालिका क्षेत्र के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष प्रदीप सकलानी का विवाह समारोह पूरी तरह नशामुक्त वातावरण में संपन्न हुआ। विवाह समारोह में शराब परोसने से इंकार कर परिवार ने समाज को सकारात्मक संदेश देने का कार्य किया। इस अवसर पर “शराब नहीं संस्कार मुहिम” के प्रणेता सुशील बहुगुणा ने नवदंपति प्रदीप सकलानी एवं दीपिका नौटियाल को सम्मानित कर शुभकामनाएं दीं।

सुशील बहुगुणा ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती सामाजिक बुराइयों के बीच नशामुक्त विवाह समाज के लिए प्रेरणादायी पहल है। उन्होंने कहा कि यदि युवा पीढ़ी संस्कारयुक्त और सादगीपूर्ण विवाह को अपनाए तो समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है। उन्होंने कहा कि “शराब नहीं संस्कार मुहिम” का उद्देश्य केवल शराब का विरोध करना नहीं, बल्कि परिवार, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों को मजबूत करना है।

पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष प्रदीप सकलानी ने कहा कि विवाह जीवन का एक पवित्र संस्कार है और इसे नशे से दूर रखकर संपन्न करना उनका संकल्प था। उन्होंने बताया कि विवाह समारोह में शामिल लोगों ने भी इस पहल की सराहना की, जिससे उन्हें सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा मिली।

वर पक्ष के पिता भरत सकलानी ने कहा कि परिवार ने आपसी सहमति से नशामुक्त विवाह का निर्णय लिया था। उन्होंने कहा कि शादी जैसे शुभ अवसरों पर फिजूलखर्ची और नशे की परंपरा को समाप्त कर संस्कारों को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने नवदंपति को शुभकामनाएं देते हुए नशामुक्त विवाह अभियान को समाज के लिए सराहनीय पहल बताया।

Share This Article
Leave a Comment