गंगोत्री हाईवे पर गिरा पत्थर, बाइक सवार युवक की मौत

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

उत्तरकाशी। जनपद में जंगलों में लगी आग अब आम लोगों के लिए भी खतरा बनती जा रही है। बाड़ाहाट रेंज के अंतर्गत गणेशपुर के जंगलों में लगी आग के कारण गंगोत्री हाईवे पर पहाड़ियों से पत्थर गिरने लगे हैं। इसी दौरान बाइक से जा रहे एक युवक पर पत्थर गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार लाटा गांव निवासी मयंक पंवार (28) पुत्र महेश पंवार उत्तरकाशी से बाइक से नेताला की ओर जा रहे थे। गणेशपुर और नेताला के बीच पहाड़ी में लगी आग के कारण वहां से पत्थर गिर रहे थे। इसी दौरान एक पत्थर की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. पीएस पोखरियाल ने बताया कि युवक को अंदरूनी गंभीर चोटें आई थीं। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

स्थानीय लोगों ने इस घटना के लिए वन विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि पिछले दो दिनों से जंगलों में लगी आग पर समय रहते काबू नहीं पाया गया, जिससे अब आग सड़कों और आबादी वाले क्षेत्रों के करीब पहुंचने लगी है।

लोगों का कहना है कि पहाड़ियों पर लगी आग के कारण लगातार पत्थर गिर रहे हैं और जलते हुए पेड़ों के गिरने का भी खतरा बना हुआ है। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और वनाग्नि पर जल्द काबू पाने की मांग की है।

Share This Article
Leave a Comment