महिला दिवस पर यूपीईएस की पहल

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

देहरादून। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर यूपीईएस ने महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक नई पहल की है। विश्वविद्यालय ने ‘1000 विमेन 1000 ड्रीम्स’ नाम से विशेष छात्रवृत्ति योजना शुरू की है। इसके तहत देशभर की महिलाओं को ऑनलाइन एमबीए कार्यक्रम के लिए 1000 पूर्ण ट्यूशन फीस माफी (फ्रीशिप) दी जाएगी।

इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराकर उनके करियर और नेतृत्व क्षमता को मजबूत करना है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार इन 1000 छात्रवृत्तियों को तीन प्रमुख श्रेणियों में विभाजित किया गया है।

इनमें 300 छात्रवृत्तियां सशस्त्र बलों से जुड़े परिवारों की महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। इसमें सेना, नौसेना और वायुसेना में कार्यरत महिलाओं के लिए प्रत्येक बल से 100-100 छात्रवृत्तियां दी जाएंगी। साथ ही सेवारत या सेवानिवृत्त सैनिकों की पत्नियां और बेटियां भी इस योजना का लाभ उठा सकेंगी।

इसके अलावा 250 छात्रवृत्तियां टेक और स्टार्ट-अप इकोसिस्टम में काम कर रही या अपना उद्यम शुरू करने वाली महिलाओं के लिए निर्धारित की गई हैं। विश्वविद्यालय का मानना है कि तकनीक और उद्यमिता जैसे तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी अभी भी सीमित है। ऐसे में यह पहल उनकी रणनीतिक, वित्तीय और नेतृत्व क्षमता को सशक्त बनाने में मदद करेगी।

शेष 450 छात्रवृत्तियां देशभर की अन्य महिलाओं के लिए खुली रहेंगी। इनमें यूपीईएस की पात्र महिला कर्मचारी भी आवेदन कर सकेंगी। इस कार्यक्रम के लिए किसी विशेष क्षेत्र या पृष्ठभूमि की बाध्यता नहीं रखी गई है।

Share This Article
Leave a Comment