इस्लामाबाद/काठमांडू। पाकिस्तान के कराकोरम पर्वत श्रृंखला स्थित 8,047 मीटर ऊंचे ब्रॉड पीक पर आए भीषण हिमस्खलन के बाद विश्व प्रसिद्ध नेपाली पर्वतारोही निर्मल ‘निम्स’ पुर्जा सहित 10 अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोहियों के लापता होने की खबर है। घटना के बाद से टीम से कोई संपर्क नहीं हो पाया है, जिससे पर्वतारोहण जगत में चिंता बढ़ गई है।
बताया जा रहा है कि अभियान दल में नेपाल, अमेरिका, चीन, ओमान और पाकिस्तान के पर्वतारोही शामिल थे। पाकिस्तान के अल्पाइन क्लब और स्थानीय प्रशासन ने मौसम अनुकूल होने पर हेलीकॉप्टर के माध्यम से खोज एवं बचाव अभियान शुरू करने की तैयारी की है।
निर्मल पुर्जा, जिन्हें दुनिया “निम्स दाई” के नाम से भी जानती है, दुनिया के सबसे चर्चित पर्वतारोहियों में गिने जाते हैं। उन्होंने वर्ष 2019 में सभी 14 आठ-हजारी चोटियों को रिकॉर्ड समय में फतह कर विश्वभर में पहचान बनाई थी।



