यमुनोत्री घाटी में लगातार रुक-रुककर हो रही बारिश के चलते यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन हो गया है। मलबा और बड़े-बड़े बोल्डर सड़क पर आने से शुक्रवार तड़के से हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित है। मार्ग को जल्द बहाल करने के लिए सड़क चौड़ीकरण कार्य में लगी निर्माण एजेंसी की मशीनें युद्धस्तर पर मलबा हटाने में जुटी हैं।
वहीं, लगातार बारिश के कारण यमुना नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ गया है। आपदा प्रभावित स्यानाचट्टी क्षेत्र में नदी का पानी बढ़कर कुछ होटलों की पहली मंजिल तक पहुंच गया, जिससे स्थानीय लोगों और व्यवसायियों में दहशत का माहौल है।
हालांकि राहत की बात यह है कि यमुना नदी फिलहाल अपने मूल प्रवाह मार्ग से ही बह रही है और उसने कोई नई धारा नहीं बनाई है। इससे स्यानाचट्टी में बड़े नुकसान की आशंका फिलहाल टलती नजर आ रही है।
प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग हाईवे को शीघ्र यातायात के लिए सुचारु करने तथा प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने में जुटे हैं। यात्रियों से मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की अपील की गई है।



