उत्तरकाशी। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित सर्वेक्षण (सर्वे) ऐप को दोबारा शुरू कराने की मांग उठी है। भागीरथी नदी घाटी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त रामसुंदर नौटियाल ने इस संबंध में उत्तराखंड के ग्राम्य विकास मंत्री को पत्र भेजकर शीघ्र कार्रवाई का आग्रह किया है।
पत्र में उन्होंने कहा कि उत्तरकाशी जिले के चिन्यालीसौड़, डुंडा, भटवाड़ी, नौगांव, पुरोला और मोरी विकासखंड के अनेक गरीब एवं पात्र परिवार आज भी पक्के आवास से वंचित हैं। सर्वेक्षण ऐप बंद होने के कारण हजारों पात्र परिवारों का सर्वे नहीं हो पा रहा है, जिससे वे प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभ से वंचित रह गए हैं।
रामसुंदर नौटियाल ने मांग की कि सर्वेक्षण ऐप को जल्द पुनः संचालित कर सभी पात्र और आवासविहीन परिवारों का सर्वे कराया जाए, ताकि कोई भी जरूरतमंद परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि गरीब परिवार के लिए पक्का घर केवल रहने की जगह नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य का आधार है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इस जनहित के मुद्दे पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर सभी पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ सुनिश्चित करेगी।



