देहरादून। पंडित दीनदयाल उपाध्याय होम-स्टे योजना के तहत अनुदान राशि जारी करने में कथित अनियमितताओं के आरोपों के चलते देहरादून के जिला पर्यटन विकास अधिकारी बृजेन्द्र पांडेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
इस संबंध में उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) धीराज गर्ब्याल ने निलंबन आदेश जारी किए हैं। विभागीय स्तर पर मामले की जांच भी की जा रही है। प्रारंभिक जांच में अनुदान वितरण प्रक्रिया में अनियमितता के आरोप सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई है।
बताया जा रहा है कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय होम-स्टे योजना के तहत लाभार्थियों को अनुदान राशि जारी करने की प्रक्रिया में नियमों के उल्लंघन की शिकायतें मिली थीं। इन्हीं शिकायतों के आधार पर विभाग ने कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारी को निलंबित कर दिया।
फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।



