नई टिहरी नगर पालिका क्षेत्र में आयोजित एक विवाह समारोह ने समाज को नई दिशा देने का संदेश दिया। नीलम का यह विवाह पूरी तरह नशामुक्त रहा, जिसमें शराब का पूर्ण बहिष्कार किया गया। इस सराहनीय पहल के लिए “शराब नहीं संस्कार मुहिम” के प्रणेता वरिष्ठ समाजसेवी सुशील बहुगुणा ने दुल्हन नीलम को सम्मानित किया।
समारोह के दौरान नीलम की माता उर्मिला देवी ने प्रसन्नता जताते हुए कहा कि नशामुक्त विवाह उनके परिवार के संस्कारों का प्रतीक है और यह समाज के लिए सकारात्मक संदेश देता है।
दुल्हन नीलम ने कहा कि नशामुक्त विवाह केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि समाज को सही दिशा देने का प्रयास है। उन्होंने इसे अपने लिए गर्व का विषय बताया कि उनका विवाह सादगी और संस्कारों के साथ संपन्न हुआ।
इस मौके पर नीलम के मामा गिरिराज ने कहा कि वर्तमान समय में जहां शादियों में दिखावा और नशे का प्रचलन बढ़ रहा है, वहीं यह पहल समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने “शराब नहीं संस्कार मुहिम” को समाज सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में मुहिम के सक्रिय सदस्य जगदीश बडोनी सहित कई गणमान्य लोग, परिजन और सहयोगी मौजूद रहे, जिनकी गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।
वहीं, समाजसेवी सुशील बहुगुणा ने कहा कि उनका उद्देश्य समाज को नशे से मुक्त कर संस्कारों की ओर प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि नगर क्षेत्र में इस मुहिम को लगातार समर्थन मिल रहा है और लोग बढ़-चढ़कर इसमें भागीदारी कर रहे हैं।
समारोह में उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में ऐसे नशामुक्त आयोजनों को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।



