Ad image

दून में रसोई गैस सप्लाई बाधित, दो दिन का बैकलॉग

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

देहरादून। शहर में रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर संकट की स्थिति बन गई है। सप्लाई में आई बाधा के कारण दून में करीब दो दिन का बैकलॉग हो गया है, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति को देखते हुए फिलहाल कमर्शियल गैस सिलिंडरों की सामान्य आपूर्ति पर रोक लगा दी गई है। वहीं गैस बुकिंग नंबर भी ठीक से काम नहीं कर रहा है, जिससे लोगों की दिक्कतें और बढ़ गई हैं।

जानकारी के अनुसार गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि कमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति केवल आवश्यक सेवाओं तक ही सीमित रखी जाए। इसके तहत शहर के अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों को ही कमर्शियल सिलिंडर उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि जरूरी सेवाएं प्रभावित न हों।

वहीं होटल, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को फिलहाल कमर्शियल गैस सिलिंडर नहीं मिल पाएंगे। इससे कारोबारियों की परेशानी बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

गैस एजेंसी से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि सप्लाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं और बैकलॉग खत्म होने के बाद जल्द ही सामान्य आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

उधर शहर के कई इलाकों में लोगों को सिलिंडर की डिलीवरी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने लोगों से धैर्य बनाए रखने और अनावश्यक गैस बुकिंग से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अगले दो दिनों में बैकलॉग खत्म करने का प्रयास किया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment