उत्तराखंडसामाजिक

एसआईआर से पहले बीएलओ मैपिंग में सुस्ती, देहरादून समेत 3 जिलों के ईआरओ को नोटिस

87% मैपिंग पूरी, कम प्रगति वाले जिलों पर सख्ती; डीएम को एक्शन प्लान बनाने के निर्देश

देहरादून विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से पहले प्रदेश में चल रही बीएलओ मैपिंग की धीमी प्रगति पर चुनाव आयोग ने सख्ती दिखाई है। कम प्रगति वाले देहरादून, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जिलों के ईआरओ को नोटिस जारी किए गए हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने मंगलवार को सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने एसआईआर से पहले जिलावार एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि प्रदेश में अब तक 87 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है, लेकिन देहरादून, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल में प्रगति संतोषजनक नहीं है। इस पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अलग-अलग रणनीति बनाकर कार्य करने को कहा। साथ ही शहरी क्षेत्रों में नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को एसआईआर कार्य में तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।

बीएलओ प्रशिक्षण और बीएलए नियुक्ति पर जोर
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) के प्रशिक्षण कार्य को लगातार जारी रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि एसआईआर से पहले सभी बूथों पर शत-प्रतिशत बूथ लेवल एजेंट्स (बीएलए) की नियुक्ति सुनिश्चित करने के लिए राजनीतिक दलों के साथ बैठक करें।

इसके अलावा गणना प्रपत्रों के समयबद्ध वितरण के लिए भी विस्तृत योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलावार बीएलओ मैपिंग की स्थिति (% में):

  • रुद्रप्रयाग – 100

  • बागेश्वर – 100

  • चंपावत – 99

  • उत्तरकाशी – 99

  • अल्मोड़ा – 97

  • पिथौरागढ़ – 95

  • टिहरी – 95

  • चमोली – 95

  • पौड़ी – 93

  • हरिद्वार – 89

  • नैनीताल – 88

  • ऊधमसिंह नगर – 77

  • देहरादून – 77

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित सभी जिलाधिकारी वर्चुअल रूप से शामिल हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button