नई टिहरी, 7 अगस्त। शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में शुक्रवार को जवाहर नवोदय विद्यालय टिहरी में नशामुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने और समाज में व्याप्त कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य आंदोलनकारी एवं नशामुक्त भारत अभियान के प्रमुख देवी सिंह पंवार ने छात्र-छात्राओं से नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति के खिलाफ जागरूक होकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में काम करना चाहिए।
पंवार ने कहा कि मांगलिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में शराब परोसने की परंपरा को समाप्त करने की जरूरत है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि जहां भी किसी कार्यक्रम में शराब परोसी जाए, वहां वे शांतिपूर्ण और दृढ़ तरीके से इसका विरोध करें। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर बीपी बधानी ने छात्र-छात्राओं को शांतिकुंज एवं गायत्री परिवार की गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा, ज्ञान और संस्कार के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। किरण कुमार ने भी छात्रों को संबोधित करते हुए नशे के दुष्परिणामों और इससे बचाव के उपायों पर विचार रखे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहित कुमार ने की, जबकि संचालन डीएस रावत ने किया। कार्यक्रम में एसके सैनी, उदित कुमार यादव, मोहसिन खान, अंकित रावत, निशा कुमारी, नेहा कुमारी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
विद्यालय में वर्तमान में 542 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।



