ऋषिकेश/देहरादून। हर्रावाला में शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे उत्तराखंड को झकझोर दिया है। मृतका की मां की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच का इंतजार किया जा रहा है।
पौड़ी गढ़वाल के श्रीकोट निवासी सीमा कंडारी ने कोतवाली डोईवाला में दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी सृष्टि कंडारी की शादी नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग सृष्टि को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान किया जाता था और घर में होने वाली किसी भी अनहोनी के लिए उसे “मनहूस” और “अपशकुन” कहकर अपमानित किया जाता था।
परिजनों के अनुसार, शादी के करीब तीन महीने बाद सृष्टि के ससुर का हार्ट अटैक से निधन हो गया। आरोप है कि इस घटना का दोष भी सृष्टि पर मढ़ दिया गया, जिसके बाद उसे लगातार तानों और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा।
मृतका की मां ने आरोप लगाया कि 29 जुलाई को उनकी बेटी की हत्या कर दी गई। उन्होंने पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी, ननद चारू और अन्य परिजनों की संलिप्तता का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस बीच, सृष्टि का एक कथित वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह भावुक होकर कहती सुनाई दे रही है, “मन बहुत अजीब सा हो गया है… छह महीने से सह रही हूं… अब और सहा नहीं जाता… मनहूस हूं… सॉरी मम्मा…” हालांकि, इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है।
मामले में ससुराल पक्ष और मायके पक्ष के दावे अलग-अलग हैं। ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है, जबकि मायके पक्ष हत्या और दहेज प्रताड़ना का आरोप लगा रहा है।
प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसाईं ने बताया कि मृतका की मां की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फोरेंसिक टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटा चुकी है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



