Ad image

गोपेश्वर में बेलगाम ट्रक ने बाइक सवार को कुचला, युवक की मौत; बैरिकेड तोड़कर भाग रहा था चालक गिरफ्तार

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

गोपेश्वर। चमोली जिले के मुख्यालय गोपेश्वर में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा नगर के लीसा फैक्ट्री बाईपास मोड़ पर हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक बाइक समेत ट्रक के नीचे फंस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मुकेश नेगी पुत्र कलम सिंह, निवासी लॉ कॉलेज के समीप, गोपेश्वर के रूप में हुई है। रात करीब 11:30 बजे हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। युवक ट्रक के नीचे बुरी तरह फंसा हुआ था, जिसे जेसीबी की मदद से बाहर निकालकर जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक चालक गवीलो गांव के पास सड़क किनारे खड़े कई वाहनों को टक्कर मारते हुए गोपेश्वर की ओर भाग रहा था। पटियालधार पुलिस चौकी पर पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक बैरिकेड्स तोड़कर फरार हो गया। इसके बाद लीसा फैक्ट्री बाईपास मोड़ पर उसने सामने से आ रही मुकेश नेगी की बाइक को टक्कर मार दी, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।

घटना के बाद पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Share This Article
Leave a Comment