उत्तरकाशी: आगामी 2 सितंबर को पूर्व सैनिकों की रैली प्रस्तावित

जिले में आगामी 2 सितंबर को पूर्व सैनिकों की रैली प्रस्तावित है। इस रैली हेतु जिला प्रशासन एवं सेना के अधिकारियों के द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। सेना के स्टेशन मुख्यालय जोशीमठ के द्वारा जिले के पूर्व सैनिकों के लिए प्रस्तावित उक्त रैली से संबंधित व्यवस्थाओं को लेकर आज जिलाधिकारी अभिषेक रूहेला की अध्यक्षता में जिला प्रशासन एवं सेना के अधिकारियों तथा पूर्व सैनिकों के संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में जिलाधिकारी ने रैली के दौरान आयोजन स्थल पर सुरक्षा, विद्युत एवं जलापूर्ति व्यवस्था, यातायात, स्वच्छता आदि आवश्यक इंतजामों के लिए संबंधित विभागों को निर्देश देते हुए कहा कि पूर्व सैनिकों की रैली को सुव्यवस्थित तरीके से आयोजित करने में प्रशासन सेना के अधिकारियों को पूरा सहयोग करेगा।
जिलाधिकारी ने रैली के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी को आयोजन स्थल पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इस कैम्प में पूर्व सैनिकों एवं उनके पारिवारिक सदस्यों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार हेतु फिजीशियन, महिला रोग विशेषज्ञ भी उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों की सुविधा और उनके सुझावों के अनुसार उक्त रैली के स्थल चयन पर सेना के अधिकारी जो भी निर्णय लेंगे प्रशासन तय स्थान पर सभी आवश्यक सुविधाएं एवं सेवाएं उपलब्ध कराएगा।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने 9 से 15 अगस्त तक आयोजित हो रहे मेरी माटी मेरा देश अभियान में भी पूर्व सैनिकों से बढ़चढ़ कर भागीदारी करने और सेना के अधिकारियों से सीमांत क्षेत्र के गांवों में इस अभियान के कार्यक्रमों में सहभागिता करने की अपेक्षा भी की।
बैठक में 11 जेकेलाई के सीओ कर्नल सन्नी जुनेजा तथा मेजर भरत यादव ने प्रस्तावित रैली की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि आगामी 2 सितंबर को प्रस्तावित रैली में जिले के 1100 से भी अधिक पूर्व सैनिकों को आमंत्रित किया जाएगा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार, उप जिलाधिकारी चतर सिंह चौहान, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कै.(नेवी) रंजीत सेठ, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आर.सी.एस. पंवार, इ.सी.एच.एस. के ले. कर्नल जे.पी.काला, पूर्व सैनिक संगठन के संरक्षक मेजर आर.एस.जमनाल, विश्वनाथ पूर्व सैनिक कल्याण समिति के अध्यक्ष सूबेदार मेजर वीरेन्द्र सिंह नेगी, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल मनोज गुसांई, जिला क्रीड़ा अधिकारी बबीता बिष्ट, सहायक सैनिक कल्याण अधिकारी महावीर राणा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका शिव कुमार सिंह चौहान सहित अन्य प्रशासनिक एवं सैन्य अधिकारी उपस्थित रहे।