उत्तराखंडसामाजिक

एनयूजे उत्तरकाशी जनपद इकाई का निर्विरोध निर्वाचन सम्पन्न, ठाकुर सुरेंद्र पाल सिंह जिलाध्यक्ष एवं सीमा गौड़ महासचिव निर्वाचित

पत्रकार हितों की रक्षा और पेंशन वृद्धि के लिए संगठन ने दिखाई एकजुटता प्रदेश अध्यक्ष दया जोशी ने राज्य सरकार से पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की उठाई पुरजोर मांग


उत्तरकाशी। उत्तराखंड के मीडियाकर्मियों की प्रमुख राज्यस्तरीय पंजीकृत प्रतिनिधि संस्था नेशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स की जनपद उत्तरकाशी इकाई की बैठक में नई जिला कार्यकारिणी का चुनाव निर्विरोध सम्पन्न हुआ। बैठक में संगठन की मजबूती, पत्रकार हितों की सुरक्षा और राज्य में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू कराने को लेकर व्यापक चर्चा हुई।

प्रदेश अध्यक्ष दया जोशी की उपस्थिति में आयोजित इस चुनाव में सर्वसम्मति से ठाकुर सुरेंद्र पाल सिंह को जिलाध्यक्ष चुना गया। मनमोहन भट्ट को उपाध्यक्ष, सीमा देवी को महासचिव, महेश बहुगुणा को सचिव, दिनेश भट्ट को संगठन मंत्री, गणेश जोशी को प्रचार मंत्री तथा मोहन सिंह राणा को कोषाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी वातावरण में सम्पन्न हुई, जिसे संगठन की एकजुटता का प्रतीक बताया गया।

बैठक में संगठन के संरक्षक त्रिलोक चंद्र भट्ट, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रमोद कुमार, महेश चंद्र नौटियाल, आलोक गुसांई सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए पत्रकार हितों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

उत्तरकाशी में आयोजित महत्वपूर्ण कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष दया जोशी ने राज्य में पत्रकारों पर बढ़ते उत्पीड़न और हमलों की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में कार्य करने वाले पत्रकार आज स्वयं असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। ऐसी परिस्थितियों में राज्य सरकार की जिम्मेदारी बनती है कि पत्रकारों की सुरक्षा के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं।

प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार के समक्ष तीन प्रमुख मांगें रखीं। पहली, उत्तराखंड में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सख्त ‘पत्रकार सुरक्षा कानून’ को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए, ताकि पत्रकारों के साथ होने वाली हिंसा और उत्पीड़न की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। दूसरी, राज्य के सभी जिला सूचना अधिकारियों को विशेष वित्तीय अधिकार प्रदान किए जाएं, जिससे आपात स्थिति में पत्रकारों को तत्काल आर्थिक सहायता दी जा सके। तीसरी, वर्तमान में संचालित वयोवृद्ध पत्रकार पेंशन योजना की राशि में वृद्धि की जाए, ताकि वरिष्ठ पत्रकार सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर सकें।

कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त जिला अध्यक्ष, महासचिव एवं अन्य पदाधिकारियों का प्रदेश पदाधिकारियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। सभी को माल्यार्पण कर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संगठन की एकता और मजबूती पर विशेष बल दिया गया।

इस अवसर पर निर्वाचित अध्यक्ष ठाकुर सुरेंद्र पाल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण हैं और जनहित के मुद्दों को निर्भीकता से सामने लाते हैं, लेकिन जब उन्हीं पर हमले होते हैं तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने सभी पत्रकारों से एकजुट होकर अपने अधिकारों और सुरक्षा के लिए संगठित प्रयास करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर संरक्षक त्रिलोक चंद्र भट्ट ने कहा कि उत्तरकाशी इकाई का निर्विरोध गठन इस बात का प्रमाण है कि पत्रकार समाज एक मंच पर एकजुट है। उन्होंने कहा कि संगठन हमेशा से पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए संघर्ष करता रहा है और आगे भी किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि पत्रकार सुरक्षा कानून को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र लागू किया जाए।

वही प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रमोद कुमार का ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र की आवाज हैं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की संवैधानिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पेंशन योजना में वृद्धि और आर्थिक सहायता के प्रावधान को मजबूत किया जाना आवश्यक है, ताकि कठिन परिस्थितियों में कार्य करने वाले पत्रकारों को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा मिल सके। उन्होंने नई जिला कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए संगठनात्मक विस्तार और सक्रियता पर बल दिया।

बैठक और कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने, जिला सूचना अधिकारियों को वित्तीय अधिकार देने तथा पेंशन योजना में वृद्धि की मांग का समर्थन किया। संगठन ने स्पष्ट किया कि यदि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो राज्यव्यापी आंदोलन की रूपरेखा भी तैयार की जाएगी।

उत्तरकाशी में निर्विरोध हुए चुनाव में उठी मांगों ने यह स्पष्ट संकेत दिया है कि राज्य के पत्रकार अब अपने अधिकारों और सुरक्षा को लेकर मुखर हो चुके हैं। संगठन की नई जिला कार्यकारिणी से उम्मीद जताई जा रही है कि वह जनपद स्तर पर पत्रकारों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाएगी और प्रदेश नेतृत्व के साथ समन्वय स्थापित कर संघर्ष को नई दिशा देगी।
संवाददाता ठाकुर सुरेंद्र पाल सिंह ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button