Ad image

पंचायत शिव मंदिर के पुनर्निर्माण को स्वीकृत धनराशि न मिलने पर सेवा समिति ने जताई नाराजगी

Ramesh Kuriyal
4 Min Read

देहरादून 16 नवम्बर 2026 – पंचायती शिव मंदिर सेवा समिति नत्थनपुर – मोहकमपुर देहरादून ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना कार्यान्वयन इकाई बसंत विहार देहरादून की ओर से क्षतिग्रस्त पंचायती शिव मंदिर के पुनर्निर्माण हेतु एक माह पूर्व स्वीकृत धनराशि के अवमुक्त किये जाने में हो रहे विलंब पर नाराजगी व्यक्त की गई।
मंदिर समिति के सचिव नरेश चन्द्र कुलाश्री ने बताया कि विगत 9 वर्ष पूर्व देहरादून – हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 7 के चौड़ीकरण एवं मोहकमपुर फ्लाई ओवर के निर्माण के दौरान पंचायती शिव मंदिर की भूमि के अधिग्रहण एवं मंदिर को हुई क्षति के एवज में एक माह पूर्व भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के द्वारा मंदिर के पुनर्निर्माण हेतु धनराशि के स्वीकृत होने एवं इस धनराशि के विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी देहरादून के माध्यम से मंदिर समिति को भुगतान किये जाने की सूचना उनके पत्र दिनांक 09 अक्टूबर 2026 के द्वारा दी गई। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण बसंत विहार देहरादून की ओर से विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी कलेक्ट्रेट देहरादून को संबोधित उक्त पत्र में स्वीकृत धनराशि के उनके बैंक खाते में आनलाइन भेजने हेतु भूमि अधिग्रहण एवं क्षतिपूर्ति मामलों के बैंक खाता संख्या का पूर्ण विवरण उपलब्ध कराने हेतु उल्लेख किया गया है। लेकिन बड़े आश्चर्य की बात है कि एक माह व्यतीत होने के बावजूद जिला क्लेक्टेरेट देहरादून स्थित विशेष भूमि अध्यप्ति अधिकारी कार्यालय की ओर से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना कार्यान्वयन इकाई बसंत विहार देहरादून को संबंधित बैंक खाते का विवरण उपलब्ध नहीं कराया गया है।
इस संबंध में पंचायती शिव मंदिर समिति के अध्यक्ष श्री गोपाल सिंह वर्मा के नेतृत्व में समिति के एक शिष्टमंडल ने दिनांक 16 नवम्बर 2026, मंगलवार को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण कार्ययोजना कार्यान्वयन इकाई मकान नं० 21, इंजीनियर्स इनक्लेव, फेज-1 जीएमएस रोड बसंत विहार देहरादून स्थित कार्यालय में सम्पर्क किया गया। परियोजना निदेशक के क्षेत्र में अन्यत्र व्यस्त होने के कारण मंदिर समिति के शिष्ट मंडल ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के कार्यालय में मौजूद श्री रोहित पंवार जूनियर इंजीनियर से मुलाकात की एवं उन्हें इस विषय पर अपने स्तर से त्वरित कार्यवाही करने हेतु समिति की ओर से पत्र सौंपा। भेंट वार्ता के दौरान का उनके द्वारा इस वस्तु स्थिति की पुष्टि की गई कि उनके कार्यालय से जारी पंजीकृत डाक से प्रेषित पत्र दिनांक 09 अक्टूबर 2026 विशेष भूमि आध्याप्ति अधिकारी देहरादून के कार्यालय में दिनांक 14 अक्टूबर 2026 को प्राप्त होने के बावजूद उनकी ओर से स्वीकृत धनराशि के आनलाइन बैंक खाते में भेजने हेतु संबंधित बैंक खाते का पूर्ण विवरण आतिथि तक प्राप्त न होने के कारण स्वीकृत धनराशि नहीं भेजी गई। शिष्टमंडल को पत्र में उल्लेखित विषय पर उचित कार्यवाही हेतु परियोजना निदेशक के स्तर पर समुचित आवश्यक कार्यवाही किये जाने का आश्वासन दिया गया। इसके पश्चात पंचायती शिव मंदिर सेवा समिति का शिष्ट मंडल ने विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी देहरादून में जाकर प्रश्नगत मामले की जानकारी ली। नव नियुक्त विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी देहरादून के राजकीय कार्य में अन्यत्र व्यस्त होने के कारण उनसे भेंट नहीं होने पर शिव मंदिर समिति शिष्ट मंडल ने मंदिर समिति की ओर से प्रश्नगत मामले में बैंक खाते का पूर्ण विवरण राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण बसंत विहार देहरादून को यथाशीघ्र उपलब्ध कराने का अनुरोध पत्र उनके कार्यालय में दिया गया।

Share This Article
Leave a Comment