Ad image

परिवर्तन जन संवाद यात्रा का आगाज पांच अप्रैल से

Ramesh Kuriyal
2 Min Read

हल्द्वानी। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी (उपपा) की ओर से राज्यभर में “परिवर्तन जन संवाद यात्रा” की शुरुआत 5 अप्रैल 2026 से हल्द्वानी से की जाएगी। इस अभियान के माध्यम से पार्टी प्रदेश की बिगड़ती सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक परिस्थितियों पर व्यापक जनसंवाद स्थापित करेगी और आम जनता, सामाजिक संगठनों तथा विभिन्न जनांदोलनों से जुड़े साथियों के सुझावों के आधार पर आगे की रणनीति तय करेगी।

उपपा के अध्यक्ष पीसी तिवारी ने कहा कि राज्य गठन के 25 वर्षों बाद भी उत्तराखंड आम जनता की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर पाया है। बेरोजगारी, पलायन, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी समस्याएं लगातार गहराती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस की नीतियों ने राज्य को विकास के बजाय संकट की ओर धकेला है।

पीसी तिवारी ने कहा, “परिवर्तन जन संवाद यात्रा का उद्देश्य केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता के बीच जाकर उनकी वास्तविक समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए एक ठोस, वैकल्पिक राजनीतिक दिशा तैयार करना है। उपपा जनता के साथ मिलकर एक ऐसा जनपक्षीय विकल्प खड़ा करेगी जो उत्तराखंड के मूल सवालों पर ईमानदारी से काम करे।”

उन्होंने प्रदेश के सभी जागरूक नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं, महिलाओं और विभिन्न संगठनों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान करते हुए कहा कि यह यात्रा जनभावनाओं को संगठित करने और राज्य में एक मजबूत, जनोन्मुख राजनीतिक विकल्प तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। इस क्रम में 5 अप्रैल को केरियर लॉन्चर, पीलीकोठी, हल्द्वानी में सुबह 11 बजे से  सहयोगी संगठनों और साथियों की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment