Ad image

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने जिले की व्यवस्था का लिया जायज़ा , विभिन्न संगठनों ने अपनी मांगों से करवाया अवगत।

Ramesh Kuriyal
4 Min Read

 

मुख्य सचिव उत्तराखंड शासन आनंद बर्द्धन ने अपने तीन दिवसीय सीमांत जनपद दौरे के पहले दिन  जिले के सामरिक और नागरिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्त्वपूर्ण हवाई पट्टी चिन्यालीसौड़ की वर्तमान व्यवस्थाओं तथा विस्तार योजनाओं के दृष्टिगत स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एप्रन, रनवे, टर्मिनल भवन सहित बुनियादी ढांचागत सुविधाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु आवश्यक निर्देश दिये। चीन सीमा से निकटता के कारण यह हवाई पट्टी सीमांत क्षेत्र में भारतीय वायु सेना के सामरिक संचालन को गति प्रदान करने के साथ–साथ आपातकालीन रेस्क्यू, आपदा प्रबंधन एवं वीवीआईपी आवाजाही के लिहाज से भी महत्वपूर्ण  है।

मुख्य सचिव ने विकासखंड चिन्यालीसौड़ के अंतर्गत ग्राम मल्ली पहुंचकर  ‘सर्व शक्ति क्लस्टर लेवल फेडरेशन ‘ तुल्याडा का किया उद्घाटन। क्लस्टर से जुड़ी महिलाओं ने अवगत कराया कि ‘सर्वशक्ति सी.एल.एफ. तुल्याड़ा द्वारा यूजीवीएस-रीप, आजीविका परियोजना एवं आईएफएडी के वित्तीय व तकनीकी सहयोग से ग्रामीण महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने क्लस्टर द्वारा संचालित बेकरी, स्ट्रॉबेरी उत्पादन, सिलाई सेंटर, ब्यूटी पार्लर, कैटरिंग फार्मिंग, डेयरी, मुर्गी पालन तथा स्थानीय उत्पादों व अचार निर्माण जैसी बहुआयामी स्वरोजगार गतिविधियों की जानकारी दी।

इस दौरान ब्लॉक प्रमुख चिन्यालीसौड़ रणदेव सिंह महंत उपस्थित रहे।

मुख्य सचिव ने राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों के राजकीय विद्यालयों में आधुनिक तकनीकी संसाधनों और गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन का माहौल सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। इस दौरान मुख्य सचिव ने पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में पौधारोपण किया एवं विभिन्न शैक्षणिक, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर लंबी कूद में राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर हेतु चयनित तथा कबड्डी में राज्य स्तर के लिए चयनित सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी राजीव (कक्षा 12), शुभम (कक्षा 11) सहित गृह परीक्षा सत्र 2025-26 के उत्कृष्ट छात्र लविश  एवं अस्मित को सम्मानित कर बधाई दी। इसके साथ ही परिषदीय हाईस्कूल परीक्षा में विद्यालय का नाम रोशन करने वाली टॉपर निधि भट्ट एवं अनुष्का को उनकी शानदार शैक्षणिक उपलब्धि के लिए सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं ।

कलक्ट्रेट सभागार में होटल एसोसिएशन, नागरिक मंच, व्यापार मंडल, पेंशनियर संगठन, भूतपूर्व सैनिक संगठन तथा सामाजिक  संगठनों के पदाधिकारियों ने भेंट कर अपनी समस्याएं जैसे पेंशन धारियों को जो सुविधाएं  बाद में दी जाती हैं उनको पहले दी जाएं , जिला चिकित्सालय में आधुनिक सुविधायें उपलब्ध की जाएं। सामान काम सामान वेतन जो कि ujvnl धरासू आदि के सुरक्षा कर्मियों को नहीं मिल रही हैं तुरन्त लागू की जाएं। अर्ध सैनिक बलों के पेंशनरों को भी वो सब सुविधाएं मिलें जो कि सेना के पेंशनरों को मिलती हैं। धनारी में  रोड कटान में कटी ज़मीन के मुआवजा की मांग उठाई।

इस दौरान जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, ए डी एम मुक्ता मिश्र,एसडीएम देवानंद शर्मा, सीओ चंचल शर्मा, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल, ईई सिंचाई सचिन सिंहल सहित जिले के समस्त अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Share This Article
Leave a Comment