

केदारनाथ धाम में मौसम आज साफ बना हुआ है। जिसके बाद धाम में यात्रा सुचारू हो गई है। सोनप्रयाग से केदारनाथ के लिए यात्री भेजे गए। वहीं, हेली सेवा भी शुरू हो गई है। वहीं, पुलिस ने यात्रियों से मौसम का पूर्वानुमान लेकर ही यात्रा पर आने की अपील की है। साथ ही किसी भी विषम स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर ठहरने की सलाह दी गई है। वहीं, दोपहर बाद भैरव और कुबेर गदेरे में हिमखंड खिसकने से मार्ग बंद हो गया है। रुद्रप्रयाग जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि केदारनाथ यात्रा मार्ग पर बुधवर को भैरव गदेरे व कुबेर गदेरे में ग्लेशियर टूटने के कारण आवाजाही बंद हो गई थी। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर यात्रा मार्ग को सुचारू करने के लिए डीडीएमए, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, एनडीआरएफ, वाईएमएफ व पुलिस के जवानों ने दोनों ग्लेशियरों से बर्फ हटाने का कार्य शुरू कर दिया है। भैरव ग्लेशियर से बर्फ हटाने का काम पूरा हो चुका है। जबकि कुबेर ग्लेशियर पर बर्फ हटाने का काम जारी है। पैदल यात्रा कर रहे तीर्थ यात्रियों के लिए मार्ग खोल दिया गया था, लेकिन दोपहर को दोबारा ग्लेशियर टूटकर मार्ग पर आ गया। जिससे रास्ता बंद हो गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने केदारनाथ धाम पैदल यात्रा कर रहे तीर्थ यात्रियों से अपील की है कि यात्रा मार्ग पूरी तरह से सुचारू न होने तक यात्रा पर न जाएं जिस स्थान पर हैं उस। उन्होंने कहा कि जो यात्री हेली सेवा से दर्शन करना चाहते हैं वो दर्शन के लिए आ सकते हैं। उन्होंने यात्रा मार्ग में दोनों ग्लेशियर पर तैनात जवानों को निर्देश दिए कि अपनी सुरक्षा के साथ ही तीर्थ यात्रियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें। बता दें कि बुधवार को बारिश व बर्फबारी के कारण केदारनाथ यात्रा रोकी गई थी। प्रशासन और पुलिस ने सोनप्रयाग, गौरीकुंड से किसी यात्री को आगे नहीं जाने दिया। शाम पांच बजे के बाद मौसम में सुधार को देेखते हुए प्रशासन व पुलिस ने बृहस्पतिवार को सुबह 11 बजे से सोनप्रयाग से केदारनाथ के लिए पैदल यात्रा शुरू करने का निर्णय लिया है। पुलिस अधीक्षक डा. विशाखा अशोक भदाणे ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ही यात्रा का संचालन किया जाएगा। सोनप्रयाग, गौरीकुंड से सीमित संख्या में यात्री भेजे जाएंगे। उन्होंने कहा कि पैदल मार्ग पर तैनात पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ के जवानों को भी पूरी तरह से सतर्क रहने को कहा गया है।
केदारनाथ में डेरा जमाए हैं डीजीपी व एसपी