
टिहरी गढ़वाल। जिला मुख्यालय बौराड़ी स्थित जिला चिकित्सालय के आयुष विंग की टीम को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल ने टीम के 11 अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए।
यह सम्मान 21 जून 2025 को आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता और प्रभावी संचालन के लिए दिया गया। आयुष विंग की टीम ने कार्यक्रम की तैयारियों से लेकर संचालन तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, जिससे आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन का भी सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी कार्मिकों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण और निष्ठा के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई।
सम्मानित होने वालों में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. सत्यबीर रावत और डॉ. सिद्धि मिश्रा, चिकित्साधिकारी डॉ. कर्ण पाल सिंह, डॉ. विनोद रावत और डॉ. पंकज रतूड़ी, मुख्य फार्मेसी अधिकारी बी.पी. बडोनी, मनोज धिरवाण, पंचकर्म सहायक रजनी सेमवाल, योग सहायक वैशाली जुयाल तथा सेवक रघुवीर सिंह गुसाईं और सरिता खरोला शामिल रहे।
जिला सूचना अधिकारी ने बताया कि आयुष विंग द्वारा भविष्य में भी जनस्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा।



