Ad image

सऊदी अरब में फंसे इंद्रमणि नौटियाल की घर वापसी के लिए मदद की अपील

Ramesh Kuriyal
3 Min Read

उत्तरकाशी। ग्राम पंचायत गोरसाड़ा, पट्टी गाजणा-कटूड निवासी इंद्रमणि नौटियाल की घर वापसी के लिए सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने मदद की पहल शुरू की है। इसी क्रम में 16 अगस्त को राज्य आंदोलनकारी देवी सिंह पंवार अपने साथियों के साथ उनकी बेटी कुमारी दीपिका नौटियाल के घर पहुंचे।

इस दौरान उनके साथ गढ़वाल टॉक न्यूज चैनल के संवाददाता मिलाप चौहान, लमगांव के कपड़ा व्यापारी कविराज बघ्याल और जयवीर बिष्ट भी मौजूद रहे। सहयोग के माध्यम से जुटाई गई कुल 16,300 रुपये की धनराशि दीपिका नौटियाल को सौंपी गई।

राज्य आंदोलनकारी देवी सिंह पंवार ने दीपिका नौटियाल को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। वहीं, गढ़वाल टॉक न्यूज चैनल के संवाददाता मिलाप चौहान ने मौके पर वीडियो तैयार कर इंद्रमणि नौटियाल की घर वापसी के लिए लोगों से सहयोग की अपील की। वीडियो के माध्यम से सरकार से भी मामले में जल्द हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया गया।

दो करोड़ से अधिक की जरूरत

देवी सिंह पंवार ने बताया कि इंद्रमणि नौटियाल की घर वापसी के लिए करीब 2.32 करोड़ रुपये की राशि की आवश्यकता बताई गई है। इतनी बड़ी धनराशि जुटाने के लिए समाज के सभी वर्गों, सामाजिक संगठनों और देश-विदेश में रहने वाले लोगों से सहयोग की अपील की गई है।

उन्होंने कहा कि दीपिका नौटियाल और उनके परिवार की आर्थिक मदद के साथ ही इंद्रमणि नौटियाल को जल्द घर वापस लाने के प्रयासों में सभी को सहयोग करना चाहिए। उन्होंने सामाजिक और बुद्धिजीवी वर्ग से भी इस मुहिम में भागीदारी की अपील की।

विधायकों से भी मदद की अपील

देवी सिंह पंवार ने गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान और चकराता विधायक मुन्ना सिंह चौहान से फोन पर बातचीत कर इंद्रमणि नौटियाल की जल्द घर वापसी के लिए सहयोग का अनुरोध किया। इसके अलावा उन्होंने अन्य लोगों से भी फोन के माध्यम से संपर्क कर मामले में मदद की अपील की।

उन्होंने कहा कि इंद्रमणि नौटियाल की घर वापसी के लिए बड़ी धनराशि की जरूरत है। ऐसे में सभी लोग अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग करें, ताकि परिवार को इस संकट से बाहर निकाला जा सके।

Share This Article
Leave a Comment