उत्तरकाशी, 17 अगस्त 2026
पर्वतीय अंचल के युवाओं के सर्वांगीण विकास, उनकी खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन ने ठोस कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। सोमवार को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट कार्यालय में युवा कल्याण, प्रांतीय रक्षक दल और खेल विभाग की एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने शासन की नीतियों को धरातल पर पूरी पारदर्शिता के साथ उतारने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक के युवाओं तक पहुंचाने के कड़े निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं के जमीनी स्तर पर सकारात्मक परिणाम दिखने अनिवार्य हैं, जिसके लिए किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक के दौरान ‘खेलो इंडिया’, ‘मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना’, ‘खेल महाकुंभ’, ‘युवा महोत्सव’ और ‘व्यासायिक प्रशिक्षण’ जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट तलब की गई। बाल एथलीटों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें मिलने वाली छात्रवृत्ति का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए।
सीमांत जिले की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए, दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रतिभा खोज अभियानों में तेजी लाने और खेल गतिविधियों का विस्तार करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही, संबंधित विभागों को आपसी तालमेल बेहतर करते हुए शासन द्वारा निर्धारित विभागीय लक्ष्यों को तय समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर युवा कल्याण अधिकारी विजय प्रताप भंडारी और प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी निधि बिंजोला सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।



