
ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोता घाटी के पास बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। कर्णप्रयाग से हरिद्वार जा रही जीएमओयू की एक बस के अचानक ब्रेक फेल हो जाने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि ढलान पर बस के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया, जिससे बस अनियंत्रित होने लगी। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक जयंती प्रसाद (निवासी सुंदर गांव, कर्णप्रयाग) ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने बस को गहरी खाई में गिरने से बचाने के लिए सड़क किनारे लगे सुरक्षा पिलर्स से टकरा दिया, जिससे बस रुक गई।
चालक जयंती प्रसाद पुत्र भगवती प्रसाद ने बताया कि तोता घाटी की तेज ढलान पर ब्रेक अचानक फेल हो गए थे। बस की रफ्तार कम करने के लिए उन्होंने कई बार सड़क किनारे पड़ी मिट्टी और पत्थरों पर टायर चढ़ाकर वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सामने खाई देख उन्होंने अंतिम विकल्प के रूप में बस को सुरक्षा पिलर्स से भिड़ा दिया। यदि बस नहीं रुकती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना में बस में सवार पांच यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही बछेलीखाल चौकी प्रभारी दीपक लिंगवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद ऋषिकेश भेज दिया गया है। बस में सवार अन्य सभी 34 यात्री सुरक्षित हैं। उन्हें वैकल्पिक वाहनों से गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया।
तोता घाटी क्षेत्र पूर्व में भी दुर्घटनाओं के लिहाज से संवेदनशील माना जाता रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वाहन की तकनीकी जांच भी कराई जा रही है।





