othersउत्तराखंड

म्स ऋषिकेश में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मान

ऋषिकेश स्थित एम्स (AIIMS) के कैंसर चिकित्सा एवं रुधिर विज्ञान विभाग में आयोजित एक समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को विशेष सम्मान से नवाजा गया। इस अवसर पर कैंसर रोग विशेषज्ञ एवं सह आचार्य डॉ. अमित सहरावत ने विभाग में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कार्मिकों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

सम्मानित होने वालों में अरविंद घिल्डियाल, शालिनी रावत, सुभाष चंद्र, राजेश नेगी और लक्ष्मण धाकड़ प्रमुख रूप से शामिल रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. अमित सहरावत ने कहा कि सम्मान किसी भी व्यक्ति के परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का प्रतिफल होता है। उन्होंने कहा कि सम्मान मिलने के साथ ही व्यक्ति की जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं, क्योंकि समाज और परिवार को उससे अधिक उम्मीदें रहती हैं।

उन्होंने कहा कि अनुशासन और मर्यादा जीवन में सफलता की कुंजी हैं, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए।

डॉ. सहरावत ने कहा कि उत्कृष्टता की कोई सीमा नहीं होती। निरंतर सीखते रहना, सीखे हुए ज्ञान को समाज में लागू करना और स्वयं का मूल्यांकन करते हुए बेहतर करने का प्रयास करना ही प्रगति का मार्ग है। उन्होंने सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा को एक अच्छे कर्मचारी और जिम्मेदार नागरिक की पहचान बताया।

इस अवसर पर उन्होंने विभागीय कार्मिकों को होली पर्व की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का प्रतीक है तथा यह पर्व हमें जीवन में सकारात्मक पहल करने और नकारात्मक विचारों को त्यागने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम में डॉ. साईं, डॉ. हर्षा, डॉ. देविका सहित विभाग के अन्य चिकित्सक और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button