
देहरादून में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। आरबीआई कर्मी बनकर साइबर ठगों ने मलूकावाला निवासी एक व्यक्ति से 30 लाख 79 हजार 400 रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने पॉलिसी की धनराशि खाते में जमा कराने का झांसा देकर कई किश्तों में रकम अपने खातों में जमा करा ली। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली विकासनगर में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मलूकावाला निवासी विनोद कुमार मंडी में आढ़त का काम करते हैं। उन्होंने कोतवाली विकासनगर में दी तहरीर में बताया कि पांच जनवरी 2026 को उनके मोबाइल नंबर पर एक व्यक्ति का फोन आया। उसने खुद को आरबीआई का कर्मचारी बताते हुए कहा कि उनकी एक फाइल उसके पास है, जिसमें कुछ धनराशि रिलीज होनी है।
ठग ने बताया कि धनराशि जारी करने के लिए कैपिटल गेन टैक्स के नाम पर पॉलिसी से संबंधित रकम खाते में ट्रांसफर करनी होगी। इसके लिए पहले नौ लाख 40 हजार रुपये जमा कराने को कहा गया। सात जनवरी को पीड़ित ने 4,78,600 रुपये जमा करा दिए। इसके बाद 15 जनवरी को 9,40,000 रुपये और जमा करा दिए।
इसके बाद ठग ने फोन कर कहा कि जमा की गई रकम पर्याप्त नहीं है और पॉलिसी की धनराशि काफी अधिक है। उसे खाते में ट्रांसफर करने के लिए 94,500 रुपये और जमा करने होंगे। पीड़ित ने यह रकम भी जमा करा दी।
इसके बाद ठग ने फिर फोन कर कहा कि 25 लाख रुपये के बांड सरकारी खाते में दिखाने होंगे, जिसके लिए 9,86,800 रुपये और जमा करने होंगे। पीड़ित ने 23 जनवरी को यह रकम भी जमा करा दी।
इस तरह ठगों ने अलग-अलग किश्तों में कुल 30 लाख 79 हजार 400 रुपये जमा करा लिए। इसके बाद आरोपी ने अपना मोबाइल नंबर बंद कर लिया। मामले का पता चलने पर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।





