
चमोली जिले के पीपलकोटी के सामने स्थित राम पर्वत पर लगी जंगल की आग सोमवार को तीसरे दिन भी नहीं बुझ सकी। आग अब संरक्षित वन क्षेत्र की ओर फैल गई है, जिससे वन विभाग और प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार शनिवार देर शाम राम पर्वत पर अचानक आग लग गई थी, जो लगातार फैलती गई। सोमवार को भी दिनभर आग भड़कती रही और इससे लाखों रुपये की वन संपदा जलकर नष्ट हो गई। राम पर्वत का बड़ा हिस्सा आग की चपेट में आ चुका है।
रविवार देर शाम आग सीआईएसएफ के कार्यालय और टीएचडीसी की कार्यदायी संस्था एचसीसी कंपनी के अस्त्र-शस्त्र रखने के भंडार (एमुनेशन भंडार) के पास पहुंच गई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। सीआईएसएफ के जवानों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग काफी विकराल रूप ले चुकी थी।
घटना की सूचना मिलने पर गोपेश्वर से अग्निशमन विभाग की टीम दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग को कार्यालय और भंडार तक पहुंचने से रोक दिया। जहां तक दमकल का पाइप पहुंच सका, वहां तक आग पर काबू पा लिया गया। अन्य स्थानों पर फायर लाइन काटकर आग को आगे बढ़ने से रोका गया।
इस दौरान पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग की गोपेश्वर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी भरत सिंह नेगी ने बताया कि आग अब संरक्षित वन क्षेत्र में पहुंच गई है और वन विभाग की टीमें लगातार आग बुझाने में जुटी हुई हैं।





