उत्तराखंडराजनीति

यूकेडी नेताओं पर गैरसैंण थाने में मुकदमा दर्ज, कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला फूंका

गैरसैंण। स्थायी राजधानी की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ गैरसैंण थाने में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने यूकेडी नेता आशीष नेगी, द्वारहाट के पूर्व विधायक पुष्पेष त्रिपाठी सहित कई अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़ और नियमों का उल्लंघन कर प्रदर्शन करने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

थानाध्यक्ष मनोज सिरौला ने बताया कि नौ मार्च को स्थायी राजधानी की मांग को लेकर विधानसभा कूच के दौरान दिवालीखाल में पुलिस बैरियर पार किए गए थे। इस दौरान हुई घटनाओं के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

वहीं उत्तराखंड क्रांति दल के शीर्ष नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में उक्रांद कार्यकर्ताओं ने जनपद मुख्यालय में प्रदर्शन कर सरकार का पुतला दहन किया। शनिवार को उक्रांद के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर कार्यकर्ता बेलणी टैक्सी स्टैंड से जुलूस निकालते हुए मुख्य बाजार तक पहुंचे। इस दौरान हनुमान चौक पर सरकार का पुतला फूंका गया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि गैरसैंण के मुद्दे पर सरकार बार-बार जनता को भ्रमित कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल औपचारिक रूप से कुछ दिनों के लिए विधानसभा सत्र आयोजित कर जनता के पैसे की बर्बादी कर रही है, जबकि गैरसैंण को स्थायी राजधानी घोषित किया जाना चाहिए।

कार्यकर्ताओं का कहना था कि पहाड़ की समस्याओं का स्थायी समाधान गैरसैंण को राजधानी बनाने से ही संभव है और इसके लिए उक्रांद का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य बाजार से गुजर रहे विधायकों के काफिले का घेराव करने की कोशिश भी की, हालांकि काफिला वहां से निकल गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button