सरकारी नौकरियों में महिलाओं की भागीदारी कम, केवल 40% ने किया आवेदन
22 वर्षों में 14,335 अभ्यर्थियों का चयन, 2024-25 में 2,808 उम्मीदवारों को मिली सरकारी नौकरी

देहरादून। प्रदेश में सरकारी नौकरियों के लिए आवेदन करने में महिलाओं की भागीदारी अब भी पुरुषों की तुलना में कम बनी हुई है। लोक सेवा आयोग की वर्ष 2024-25 की वार्षिक प्रतिवेदन रिपोर्ट के अनुसार विभिन्न विभागों में निकली भर्तियों के लिए कुल आवेदनों में केवल 40 प्रतिशत आवेदन महिलाओं के रहे, जबकि पुरुष अभ्यर्थियों की संख्या 60 प्रतिशत रही।
विधानसभा पटल पर प्रस्तुत रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2025 में तकनीकी शिक्षा, उच्च शिक्षा, राज्य निर्वाचन विभाग, उत्तराखंड सचिवालय, राजकीय पॉलीटेक्निक, वन और राजस्व सहित अन्य विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई। इन पदों के लिए प्राप्त कुल आवेदनों में महिलाओं की हिस्सेदारी 40 प्रतिशत और पुरुषों की 60 प्रतिशत रही।
श्रेणीवार आंकड़ों के अनुसार कुल आवेदनों में से 60 प्रतिशत सामान्य वर्ग से, 18 प्रतिशत अनुसूचित जाति वर्ग से आए। वहीं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) में महिला अभ्यर्थियों की संख्या अपेक्षाकृत अधिक पाई गई।
22 वर्षों में 14,335 अभ्यर्थियों का चयन
लोक सेवा आयोग ने पिछले 22 वर्षों में विभिन्न विभागों के 15,166 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया संचालित की। इन पदों के लिए 31.94 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया। भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद कुल 14,335 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन किया गया।
31 विभागों में पदोन्नति के मामलों का निपटारा
रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2024-25 में आयोग ने 31 विभागों में पदोन्नति से जुड़े मामलों का निपटारा किया। 452 पदों के सापेक्ष 341 पदों पर पदोन्नति की सिफारिश की गई, जबकि 12 विभागों में 116 पदों पर डीपीसी (Departmental Promotion Committee) के मामले अभी लंबित हैं।
2024-25 में 2,808 अभ्यर्थियों को मिली नौकरी
वर्ष 2024-25 के दौरान विभिन्न विभागों में कुल 2,808 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। इनमें अल्मोड़ा से 163, बागेश्वर से 68, चमोली से 145, चंपावत से 107, देहरादून से 362, हरिद्वार से 422, नैनीताल से 271, पौड़ी से 128, पिथौरागढ़ से 138, रुद्रप्रयाग से 102, टिहरी से 243, ऊधमसिंह नगर से 196, उत्तरकाशी से 341 तथा अन्य राज्यों से 122 अभ्यर्थी शामिल हैं।


