
देहरादून।
केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) के तहत संचालित केंद्रीय विद्यालयों में नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो रही है। बालवाटिका-1, 2, 3 और कक्षा-1 में दाखिले के लिए ऑनलाइन पंजीकरण सुबह 10 बजे से शुरू होकर 2 अप्रैल तक चलेगा। अभिभावक केवीएस की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपने बच्चों का पंजीकरण कर सकते हैं।
बालवाटिका-1, 2 और 3 के लिए पहली चयन सूची 8 अप्रैल को जारी की जाएगी, जबकि कक्षा-1 के लिए पहली सूची 9 अप्रैल को घोषित होगी। यदि सीटें रिक्त रहती हैं, तो 16 अप्रैल को दूसरी और 21 अप्रैल को तीसरी सूची जारी की जाएगी।
चयनित छात्रों का प्रवेश निर्धारित क्रम के अनुसार किया जाएगा। सबसे पहले आरटीई (राइट टू एजुकेशन) के अंतर्गत चयनित बच्चों को प्रवेश मिलेगा। इसके बाद सेवा प्राथमिकता श्रेणी (कैटेगरी-1 और 2) के अभ्यर्थियों को मौका दिया जाएगा और अंत में आरक्षण कोटे के तहत प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
यदि ऑनलाइन आवेदन पर्याप्त संख्या में नहीं मिलते हैं, तो आरटीई, अनुसूचित जाति, जनजाति और ओबीसी (नॉन-क्रीमी लेयर) वर्ग के लिए 22 से 26 अप्रैल तक ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा दी जाएगी। इसके बाद 27 से 30 अप्रैल के बीच प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
बालवाटिका-2, कक्षा-2 और अन्य कक्षाओं (कक्षा-11 को छोड़कर) में रिक्त सीटों के आधार पर ऑफलाइन पंजीकरण 2 से 8 अप्रैल तक किया जाएगा। इन कक्षाओं की चयन सूची 13 अप्रैल को जारी होगी और 15 से 20 अप्रैल तक प्रवेश होंगे।
कक्षा-11 को छोड़कर सभी कक्षाओं में प्रवेश की अंतिम तिथि 30 जून निर्धारित की गई है। यदि इसके बाद भी सीटें खाली रहती हैं, तो 31 जुलाई तक विशेष अनुमति के तहत दाखिले किए जा सकेंगे।
कक्षा-11 में प्रवेश प्रक्रिया अलग होगी। इसके लिए पंजीकरण केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 10वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित होने के 10 दिन के भीतर शुरू होगा। केंद्रीय विद्यालय के छात्रों की सूची 20 दिनों में जारी की जाएगी, जबकि अन्य विद्यालयों के छात्रों को सीट उपलब्धता के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा।


