
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, उत्तरकाशी में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय कार्यालय एवं अध्ययन केंद्र (जनपद उत्तरकाशी) द्वारा एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन लोहानी तथा अति विशिष्ट अतिथि अध्यक्ष जिला पंचायत श्री रमेश चौहान रहे। इस कार्यशाला का उद्देश्य उत्तरकाशी जनपद की प्रत्येक ग्राम सभा तक विश्वविद्यालय द्वारा प्रदान की जा रही दूरस्थ एवं मुक्त शिक्षा प्रणाली (Open and Distance Learning System) का व्यापक प्रचार-प्रसार करना था।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रो. नवीन लोहानी ने विश्वविद्यालय के उद्देश्यों एवं संचालित कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय का लक्ष्य शिक्षा को जन-जन तक सुलभ, लचीला एवं समावेशी बनाना है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय का प्रमुख उद्देश्य उच्च शिक्षा को उन सभी वर्गों तक पहुँचाना है जो भौगोलिक, आर्थिक या सामाजिक कारणों से नियमित शिक्षा प्राप्त नहीं कर पाते। विश्वविद्यालय विशेष रूप से कार्यरत व्यक्तियों, महिलाओं, ग्रामीण युवाओं तथा वंचित वर्गों को ध्यान में रखते हुए उन्हें घर बैठे शिक्षा प्राप्त करने का अवसर प्रदान करता है, जिससे वे अपनी शिक्षा जारी रख सकें। इसके साथ ही विश्वविद्यालय कौशल आधारित, रोजगारोन्मुख एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों का संचालन करता है, ताकि शिक्षार्थी केवल डिग्री ही नहीं बल्कि व्यावहारिक दक्षता भी प्राप्त कर सकें। डिजिटल एवं ऑनलाइन माध्यमों के उपयोग से शिक्षा को अधिक सुलभ और लचीला बनाया जा रहा है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के लोग भी आसानी से जुड़ सकें। उन्होंने यह भी बताया कि विश्वविद्यालय आजीवन शिक्षा की अवधारणा को बढ़ावा देता है, जिससे किसी भी आयु वर्ग का व्यक्ति अपनी शिक्षा को आगे बढ़ा सके। साथ ही, स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए क्षेत्रीय स्तर पर अध्ययन केंद्रों का विस्तार किया जा रहा है, ताकि शिक्षा का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँच सके।
अध्यक्ष जिला पंचायत श्री रमेश चौहान ने अपने वक्तव्य में कहा कि इस पहल से उन लोगों को विशेष लाभ मिलेगा जो किसी कारणवश अपनी शिक्षा पूरी नहीं कर पाए। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे अपने स्तर पर इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत में क्षेत्रीय कार्यालय की क्षेत्रीय निदेशक Prof. Madhu Thapliyal द्वारा मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया गया। अपने स्वागत उद्बोधन में उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय का मुख्य उद्देश्य उन लोगों को शिक्षित करना है जिनकी शिक्षा किसी कारणवश बीच में छूट गई है। ऐसे सभी व्यक्ति घर बैठे विश्वविद्यालय के माध्यम से शिक्षा प्राप्त कर सकते हैं तथा अपने जीवन स्तर एवं रोजगार के अवसरों में वृद्धि कर सकते हैं।
इस अवसर पर डॉ. शम्भू प्रसाद नौटियाल, श्री बलवंत असवाल, श्री दौलत सिंह सेमवाल, मांडो गांव की महिला प्रधान एवं महिला मंगल दल की अनेक महिलाएं, पूर्व जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र सिंह राणा, सामाजिक कार्यकर्ता मुरारी लाल भट्ट, अध्ययन केंद्र के समन्वयक विपिन, डॉ. विपिन रावत, डॉ. प्रदीप सिंह, धनेश्वर नेगी, क्षेत्रीय कार्यालय के असिस्टेंट रीजनल डायरेक्टर अनिल कंडारी सहित अनेक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन ममता ध्यानी द्वारा किया गया।कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।



