देहरादून। ड्रेस कोड विवाद के बीच सोमवार को शहर में लेंसकार्ट के शोरूम में बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। कार्यकर्ता चकराता रोड और एक मॉल स्थित शोरूम में पहुंचे और कर्मचारियों के माथे पर तिलक लगाकर हाथों में कलावा बांधा।
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कंपनी की ओर से कर्मचारियों को तिलक और कलावा पहनने से रोकने का आदेश जारी किया गया था, जिसका उन्होंने विरोध किया। इस दौरान नारेबाजी भी की गई और कंपनी प्रबंधन से दो दिन के भीतर माफीनामा जारी करने की मांग उठाई गई।
बजरंग दल के प्रांत मिलन प्रमुख विकास वर्मा ने कहा कि दून के सभी शोरूम में हिंदू कर्मचारियों को तिलक और कलावा बांधा गया और कर्मचारियों ने इसका समर्थन किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय में माफी नहीं मांगी गई तो देशभर में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
वहीं, कंपनी की ओर से इसे पुराना आदेश बताया गया है और माफी भी मांगे जाने की बात सामने आई है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस पर आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने प्रतिक्रिया देते हुए इसे गुंडागर्दी करार दिया और कड़ी नाराजगी जताई है।



